|
|
मक्के के आटे सिर्फ रोटियां ही नहीं बनतीं बल्कि इससे अनेकों तरह के परम्परागत खानपान बनाये जाते हैं| आज मक्के के आटे का हलवा बना कर देखिये, सभी को बहुत पसंद आयेगा|
आवश्यक सामग्री
मक्का का आटा - 1/2 कप (80 ग्राम)
घी - 1/3 कप (70 ग्राम)
चीनी - 1/2 कप ( 120 ग्राम)
काजू - 10-12
बादाम -10-12
छोटी इलायची - 4 -5
सूखा नारियल - 2 टेबल स्पून बारीक कटा हुआ
किशमिश - 1 टेबल स्पून
बनाने की विधि
एक पैन में घी डाल कर गरम कीजिये| घी के हल्का गरम होने पर मक्के का आटा डाल दीजिए| धीमी और मध्यम आंच पर आटे को लगातार चलाते हुये, हल्का ब्राउन होने और अच्छी महक आने तक भून लीजिये|
अब इसमें 1╜ डेढ़ कप पानी डाल दीजिए और चीनी डाल कर अच्छी तरह से मिला दीजिए और मध्यम आग पर पकने दीजिए और तब तक पकाएं जब तक कि हलवा गाढ़ा न हो जाए|
काजू और बादाम को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए, इलायची छिलकर कूट कर पाउडर बना लीजिए| हलवे के गाढा़ होने पर इसमें नारियल, बादाम, काजू, किशमिश और इलायची का पाउडर डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिला दीजिए| थोड़े से कटे काजू बादाम बचा कर रखें उन्हैं बाद में हलवे के ऊपर डालिये|
मक्के के आटे का स्वादिष्ट हलवा बनकर के तैयार है, इसे प्याले में निकाल लीजिए| ऊपर से थोडा़ सा घी और कटे हुये काजू, बादाम डालकर, सजाइये, परोसिये और खाइये|
|