|
|
अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित फोर्ट लाउडेरडाले हॉलीवुड अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एक बंदूकधारी की गोलीबारी में कम से कम पांच लोग मारे गए और आठ अन्य घायल हुए हैं। इस तरह की घटना ने एक बार फिर देश को हिलाकर रख दिया है।
संदिग्ध की पहचान 26 वर्षीय एस्टेबन सैंटियागो के रूप में हुई है जिसे हिरासत में ले लिया गया है। हमले के पीछे उसकी मंशा का तत्काल पता नहीं लग पाया है। एस्टेबन एक सैनिक था जो इराक युद्ध में भी भाग ले चुका है । उसका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं होने के कारण पिछले साल उसे अलास्का आर्मी नेशनल गार्ड से निकाल दिया गया था।
फ्लोरिडा की ब्रोवर्ड काउंटी के शेरिफ कार्यालय ने बताया कि घटना में पांच लोग मारे गए हैं और आठ अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी टर्मिनल दो पर टीएसए जांच केंद्र के बाहर हुई । टर्मिनल दो से एयर कनाडा और डेल्टा एयरलाइन्स का संचालन होता है।
हवाईअड्डे की ओर से ट्वीट कर जानकारी दी गई कि सभी विमान सेवा अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता नेड प्राइज ने कहा, С" पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा अमेरिकी नागरिकों की ओर से मृतकों के परिवारों और उनके करीबियों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
|