|
|
बॉलीवुड अभिनेता रितिक रोशन आज 43 वर्ष के हो गए हैं और इस खास मौके पर उन्हें उनकी पूर्व पत्नी सुजैन खान ने जन्मदिन की बधाई दी। सुजैन ने इंस्टाग्राम पर रितिक के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने लिखा, "जन्मदिन की शुभकामनाएं । साथ ही उन्होंने हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए लिखा सेक्रेड हार्ट (पवित्र ह्दय), हैपिएस्ट सोल आर लिमिटेड) बेहद खुश रूह कम ही देखने को मिलती है:, लिमिटलेस (असीम) । वर्ष 2000 में शादी के बंधन में बंधे रितिक और सुजैन शादी के 14 साल बाद वर्ष 2014 में अलग हो गए थे। दोनों के दो बेटे रिहान और रिधान हैं।
अलगाव के बाद भी रितिक और सुजैन कई मौके पर साथ नजर आए जिससे उनके वापस एकसाथ आने की अटकलें लगातार चर्चा में बनी रही । हाल ही में दोनों ने अपने परिवार और बच्चों के साथ दुबई में नव वर्ष मनाया था जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई थीं। अब सुजैन का यूं इंस्टाग्राम पर रितिक को जन्मदिन की शुभकामनाएं देना भी उनके एक बार फिर करीब आने की अटकलों को सही साबित करता दिख रहा है।
अभिनेता एवं फिल्मकार राकेश रोशन के घर में 10 जनवरी 1974 को जन्मे रितिक ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरूआत वर्ष 2000 में फिल्म कहो ना प्यार है से की थी। रितिक ने अपने बॉलीवुड के 16 साल के करियर में कहो ना प्यार है, कोई मिल गया, क्रिश, जोधा अकबर, धूम2, अग्निपथ, जिंदगी ना मिलेगी दोबारा जैसी कई बड़ी हिट फिल्में दीं हैं। रितिक फिलहाल अपनी आने वाली फिल्म काबिल के प्रचार में मशरूफ हैं। काबिल में उनके साथ यामी गौतम भी हैं । फिल्म 25 जनवरी को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।
|