|
|
कांग्रेस ने बुधवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में जन वेदना सम्मेलन ऑर्गनाइज किया। इसमें राहुल ने दो बार स्पीच दी।
शाम को दी स्पीच में राहुल गांधी ने कहा "मुझे पता था कि कांग्रेस पार्टी 100 साल पुरानी है। एक दिन मैं फोटोज देख रहा था। शिवजी की फोटो में मुझे कांग्रेस का चिह्न दिखाई दिया। बुद्ध की फोटो देखी, उसमें कांग्रेस का चिह्न। महावीर की फोटो देखी, उसमें कांग्रेस का चिह्न।" मैंने कर्ण सिंह से पूछा कि ये सब जगह कांग्रेस पार्टी का हाथ का निशान क्यों दिखाई दे रहा है? उन्होंने मुझसे कहा- वर्तमान परिस्थितियों में सच्चाई का सामना करो। अपने प्रेजेंस से डरो मत।"
उन्होंने कहा कि गांधीजी-नेहरूजी की भी यही सीख थी- डरो मत। राहुल ने कहा-मुझे भगवान शिव, बुद्ध, महावीर और गुरु नानकजी की फोटो में कांग्रेस का सिंबल दिखाई देता है। मैं अपने मित्रों से मिला और कहा- डरो मत। कांग्रेस की फिलॉसफी कहती है- डरो मत। एक दूसरी फिलॉसफी कहती है- डरो और डराओ। बीजेपी का पूरा का पूरा लक्ष्य डराने का है। दो-तीन महीनों में इन लोगों ने पूरे हिंदुस्तान में डर फैला दिया। हमने कहा था कि 100 दिन की गारंटी देते हैं। हमने कहा कि तुम्हारी जमीन है, तुम्हारी रहेगी।
यहां मनमोहन सिंह-चिदंबरम हैं। आप यूपीए के समय को देखो, मनरेगा हो, भूमि अधिग्रहण बिल हो, मैसेज यही था- डरो मत। मोदी ने कहा कि ये जमीन हमारी है। कोई आदिवासी कहता है कि मेरी जमीन है, जंगल है, उसे गोली मारकर गिरा देते हैं। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश में ऐसा ही करते हैं।
बीजेपी का जो स्ट्रक्चर है, डर को क्रोध में फैलाने का स्ट्रक्चर है। हम बताते हैं कि डरने की जरूरत नहीं है। इस देश के लोग जागरूक हैं, उन्हें किसी भी चीज से डरने की जरूरत नहीं है। जब ये मजदूर, किसान को बताते हैं कि डरने की जरूरत है तो ये देश की इज्जत नहीं करते।
राहुल ने कहा, सर्जिकल स्ट्राइक के बाद इनके एक मंत्री ने कहा, हिंदुस्तान की सेना इजरायल जैसा काम कर सकती है। इसका मतलब क्या ये है कि आज से पहले हमारी सेना इजरायल से पीछे थी। इनका प्यार देश के इतिहास और भविष्य से है। हम देश की रियलिटी से प्यार करते हैं।
ये भविष्य की बात करते हैं। कहते हैं कि नया हिंदुस्तान बनाएंगे। अभी का हिंदुस्तान क्या खराब है? और ये सब एक ही व्यक्ति यानी मोदीजी करेंगे। आप नरेंद्र मोदी को आप अपना आज दो और वो आपको अपना कल देगा। लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि इस देश में समझ है।
राहुल के मुताबिक, कुछ घंटे पहले आरबीआई को चिट्ठी गई थी कि आप डिमॉनेटाइजेशन के लिए तैयार हो या नहीं। और बस ये लागू कर दिया गया। कांग्रेस ने कभी ज्यूडिशियरी, आरबीआई और दूसरे इंस्टीट्यूशंस के साथ ऐसा न तो किया है और न ही करेंगे।
मोदीजी ने अमिताभ बच्चन की तरह डायलॉग बोले। उन्होंने कहा- मित्रों, आपकी जेब में जो 500 रु. का नोट है, ये कागज हो गया है। चमकता भारत जेटली, राजनाथ सिंह, सुषमाजी नहीं देंगी, ये चमकता भारत सिर्फ मोदीजी देंगे।
राहुल ने कहा- इनका एक ही मकसद है- गरीबों से पैसा खींचो, अमीरों को सींचो। अमिताभ बच्चन की एक फिल्म नमक हलाल में था- आपका तो लगता है बस यही सपना, राम-राम जपना और पराया माल अपना। आपके ऊपर है कि हिंदुस्तान के गांव, कस्बों, गलियों में जाएं और बताएं कि आरएसएस-बीजेपी देश का नुकसान कर रहे हैं। ये आप सब एक साथ करेंगे। ये लोग सोचते हैं कि हिंदुस्तान की जनता में डर फैलाकर राज कर सकते हैं। जनता इन लोगों को हराएगी और हटाएगी।
हम इनसे नफरत नहीं करते। हमें गुस्सा भी नहीं आता। लेकिन हम इनकी विचारधारा को हराएंगे। राहुल ने सुबह कहा- पहली बार भारत के PM का दुनियाभर में उड़ा मजाक सम्मेलन की सुबह की स्पीच में राहुल ने मोदी पर कई हमले किए। राहुल गांधी ने कहा, 'पहली बार दुनियाभर में भारत के पीएम का मजाक उड़ा है, वह भी नोटबंदी की वजह से। यह फैसला सिर्फ एक शख्स का है और वो हैं नरेंद्र मोदी।
नोटबंदी के चलते कारों की बिक्री इतनी घट गई कि मोदी सरकार ने हमें 16 साल पहले की स्थिति पर पहुंचा दिया। कांग्रेस जब सत्ता में लौटेगी तब अच्छे दिन आएंगे।
|