|
|
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने आज यहां संघषर्पूर्ण फाइनल में जीत दर्ज करके मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड का खिताब जीता जो उनका करियर के लिये खतरा बनी चोट से उबरने के बाद पहला खिताब भी है। साइना का सामना फाइनल में थाईलैंड की 18 वर्षीय पोर्नवावी चोचुवोंग से था।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता और शीर्ष वरीयता प्राप्त साइना ने यह मैच 46 मिनट 22-20, 22-20 से जीता। यह उनका ओवरआल 23वां और पिछले साल आस्ट्रेलियाई ओपन के बाद पहला खिताब है। पिछले साल घुटने की चोट से जूझने के बाद विश्व में दसवें नंबर की साइना अपना मनोबल बढ़ाने के लिये खिताब हासिल करने को बेसब्र थी।
वह पहली बार चोचुवोंग का सामना कर रही थी लेकिन थाई खिलाड़ी ने शुरू में चार अंक बनाकर उन्हें बैकफुट पर भेज दिया था। चोचुवोंग ने अपनी बढ़त बरकरार रखी और ब्रेक तक वह 11-5 से आगे थी। साइना ने हालांकि इसके बाद वापसी की और पहले अंतर 10-13 से कम किया और फिर 19-19 से बराबरी पर आ गयी।
इसके बाद चोचुवोंग दबाव नहीं झेल पायी और साइना ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करके पहला गेम अपने नाम किया। दूसरे गेम में भी चोचुवोंग ने फिर से अच्छी शुरूआत की और 3-0 से बढ़त बनायी लेकिन इस बार साइना ने वापसी करने में ज्यादा देर नहीं लगायी और 7-5 से बढ़त हासिल कर ली। थाई किशोरी ने हालांकि पहले 8-8 और फिर 11-11 से स्कोर बराबर किया।
भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद भी मामूली बढ़त रखी लेकिन इसके बाद उन्होंने चार मैच प्वाइंट गंवाये जिससे चोचुवोंग 20-20 से बराबरी करने में सफल रही। भारतीय खिलाड़ी हालांकि फिर से वापसी करने में सफल रही और उन्होंने लगातार दो अंक बनाकर खिताब अपने नाम किया।
|