|
|
देश आज अपना 68वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मना रहा है। राजपथ पर आज सुबह गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सैन्य शक्ति और विभिन्न क्षेत्रों में उसकी उपलब्धियों और विविधतापूर्ण संस्कृति को प्रदर्शित किया जाएगा। अबु धाबी के शहजादे मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि हैं।
- शहीद हंगपन दादा को अशोक चक्र प्रदान किया गया उनकी पत्नी ने ये सम्मान लिया
- राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने राजपथ पर तिरंगा फहराया
- इस बार परेड में शिरकत करने वाले ज्यादातर सामान पर मेड इन इंडिया की छाप है
- राजपथ पर राष्ट्रपति मुख्य अतिथि अबु धाबी के शहजादे मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ पहुंचे
- राजपथ पर उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी पहुंचे
- प्रधानमंत्री मोदी ने राजपथ पर पहुंचकर लोगों का अभिवादन किया
-प्रधानमंत्री मोदी ने अमर जवान ज्योति पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
-धनुष की रेंज बोफोर्स से भी ज्यादा है ये 38 किलोमीटर तक मार कर सकती है
-देसी बोफोर्स कहलाने वाली धनुष तोप पहली बार गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होगी
-तेजस के लिए परेड में शामिल होने का यह पहला मौका होगा
-राजपथ पर साढ़े चार मिनट के फ्लाई पास्ट में देश में बना फाइटर प्लेन तेजस दिखाई देगा
-अब तक सिर्फ एनएसजी गणतंत्र दिवस की सिक्युरिटी का ही हिस्सा था
यह पहला मौका होगा जब नेशनल सिक्युरिटी गार्ड गणतंत्र दिवस की परेड में हिस्सा लेंगे
-यह पहला मौका होगा जब भारत में बना लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस राजपथ के ऊपर उड़ान भरेगा
-यूएई के सैनिकों की एक टुकड़ी के साथ उसका संगीत बैंड परेड भी परेड का खास आकर्षण है
- यूएई की ओर से परेड में हिस्सा लेने के लिए 144 जवान और 44 बैंड के सदस्यों की टीम भारत आई है
- 68 सालों के सफर में पहली बार यूएई की सेना भारतीय सेना के साथ परेड में हिस्सा ले रही है
-रुस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने भी पीएम मोदी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी
- जगुआर और सुखोई का सलामी उड़ान भी लोगों को आकर्षित करेगी
- परेड के बड़े आकर्षण में से एमआई-35 हेलिकॉप्टरों, स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस है
-दिल्ली का राजपथ दुल्हन की तरह सज गया है वहीं पूरी दिल्ली छावनी में तब्दील हो चुकी है
विंग कमांडर रमेश कुमार दूबे के नेतृत्व में परेड की शुरूआत होगी। चार एमआई-17 हेलिकॉप्टर आकाश से पुष्प वर्षा करेंगे। इनमें से एक हेलिकॉप्टर तिरंगा लेकर उड़ेगा जबकि तीन अन्य हेलिकॉप्टरों पर सेना, नौसेना और वायु सेना की पताका फहराएगी। इसके बाद परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज नरवाने और उनके नायब मेजर जनरल राजेश सहाय सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर भारत के राष्ट्रपति के प्रति सम्मान प्रकट करेंगे। परमवीर चक्र और अशोक चक्र से सम्मानित सैनिक भी परेड कमांडर का अनुसरण करेंगे।
यूएई के सैनिकों की एक टुकड़ी के साथ उसका संगीत बैंड परेड की अगुवाई करेगा। परेड का सबसे बड़ा आकषर्ण भारत के एकमात्र कैवेलरी का अपने प्रतापी घोड़ों के साथ मार्च होगा। परेड में रक्षाकर्मियों का दुस्साहसी मोटरबाइक स्टंट भी होगा। परेड के बड़े आकर्षण में से एक एमआई-35 हेलिकॉप्टरों, स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस, जगुआर और सुखोई का सलामी उड़ान होगा। हालांकि, ये दोनों कार्यक्रम परेड के आखिरी चरण में होंगे।
सेना अपने टैंक टी-90 और इन्फैन्ट्री कॉम्बैट व्हीकल और ब्रह्मोस मिसाइल, हथियार का स्थान बताने वाले रडार स्वाति, ढुलाई करने लायक उपग्रह टर्मिनल और आकाश हथियार प्रणाली को भी दर्शाएगी। एक और आकर्षण धनुष तोप प्रणाली होगा। इसके बाद एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर रूद्र सलामी उड़ान भरेगा। गणतंत्र दिवस परेड में मेकैनाइज्ड इन्फैन्ट्री रेजीमेंट, बिहार रेजीमेंट, गोरखा ट्रेनिंग सेंटर और पंजाब रेजीमेंटल सेंटर, सिख रेजीमेंटल सेंटर, मद्रास इंजीनियरिंग ग्रुप, इन्फैन्ट्री, बटालियन :क्षेत्रीय सेना: सिख लाइट इन्फैन्ट्री का संयुक्त बैंड भी दिखेगा।
परेड में पूर्व सैन्यकर्मियों की झांकी भी दिखेगी। इसके बाद नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी और नौसेना की भी एक झांकी दिखेगी। वायु सेना के मार्चिंग टुकड़ी के बाद वायु सेना की भी एक झांकी दिखाई जाएगी जिसमें भारतीय वायु सेना के सैन्य कौशल को प्रदर्शित किया जाएगा। रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) अपना एडवांस्ड टॉड आर्टिफिसियल गन सिस्टम (एटीएजीएस) और मध्यम क्षमता वाले रडार अरूद्र को प्रदर्शित करेगा।अर्धसैनिक बल की टुकड़ी का नेतृत्व बीएसएफ का उंट बैंड करेगा।
इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल, सीआईएसएफ, दिल्ली पुलिस, एनएसजी और एनसीसी की टुकड़ियां मार्च करेगी। ओड़िशा, अरूणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, गुजरात, लक्षद्वीप, कर्नाटक, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, तमिलनाडु, त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर, असम समेत अन्य राज्य अपनी-अपनी झांकियों के माध्यम से अपनी परंपरा और संस्कृति की झलक पेश करेंगे। वित्त मंत्रालय के तहत केंद्रीय उत्पाद शुल्क एवं सीमा शुल्क बोर्ड विभाग के साथ कौशल विकास मंत्रालय की भी झांकी गणतंत्र दिवस परेड में देखने को मिलेगी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देशभर में गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के कडे प्रबंध किये गये हैं और संवेदनशील क्षेत्रों सहित चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं। वहीं जानवरों के आवागमन पर भी नजर रहेगी क्योंकि ऐसी गुप्तचर जानकारी है कि आतंकवादी समूह उनका इस्तेमाल आत्मघाती हमलावर के तौर पर कर सकते हैं।
|