|
|
तमिलनाडु में सियासत गरमा गई है। अन्नाद्रमुक नेता एवं लोकसभा डिप्टी स्पीकर एम थम्बीदुरई ने राज्य के पूर्व सीएम पन्नीरसेलवम के इस दावे को खारिज कर दिया कि उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख वीके शशिकला मुख्यमंत्री होंगी क्योंकि सभी विधायक उनके (चिनम्मा के) साथ हैं। अन्नाद्रमुक नेता ने कहा कि सभी विधायक एकजुट हैं, सभी विधायक अंदर हैं। उन्होंने पोएस गार्डेन आवास की ओर इशारा करते हुए यह कहा। शशिकला ने पन्नीरसेलवम के बगावत को डीएमके की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा है कि मेरे खिलाफ पन्नीरसेल्वम की बगावत के पीछे द्रमुक है और साथ ही उन्होंने पन्नीरसेल्वम को पार्टी से निकालने की मांग की। शशिकला ने पन्नीरसेल्वम को अन्नाद्रमुक के कोषाध्यक्ष पद से हटा दिया।
गौर हो कि जयललिता की मौत के 65वें दिन अन्नाद्रमुक में बगावत हो ही गई। दो दिन पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके पन्नीरसेल्वम ने पार्टी महासचिव शशिकला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने दावा किया कि मुझसे जबर्दस्ती इस्तीफा लिया गया। अगर तमिलनाडु के लोग चाहेंगे तो मैं इस्तीफा वापस लेने को तैयार हूं। इससे पहले वे करीब 40 मिनट तक जयललिता की समाधि पर मौन बैठे रहे। पन्नीरसेल्वम ने संकेत दिये कि अगर तमिलनाडु की जनता और पार्टी कार्यकर्ता चाहेंगे तो वह अपना इस्तीफा वापस ले सकते हैं।
|