|
|
70वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार में निर्देशक डेमियन शजैल की ला ला लैंड का दबदबा रहा और फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म एवं सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री समेत पांच पुरस्कार अपने नाम किए। ब्रितानी भारतीय अभिनेता देव पटेल को भी लॉयन के लिए सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता के पुरस्कार से नवाजा गया। ला ला लैंड के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का बाफ्टा जीतने वाले शजैल 26 फरवरी को ऑस्कर पुरस्कार समारोह में भी मजबूत दावेदार हैं। ऑस्कर में फिल्म में रिकॉर्ड 14 नामांकन मिले हैं।
निर्देशक केन लोएच की आई, डेनियल ब्लेक को रविवार रात को समारोह में उत्कृष्ट ब्रितानी फिल्म चुना गया। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार एमा स्टोन को मिला। केसी अफ्लेक को मैनचेस्टर बाय द सी के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया और इसके निर्देशक केनेथ लोनेरगन को सर्वश्रेष्ठ मौलिक पटकथा के पुरस्कार से नवाजा गया।
26 वर्षीय पटेल को लॉयन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से नवाजा गया। जब पटेल के नाम की घोषणा हुई तो लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। लॉयन एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जिसे बचपन में गोद लिया गया था और वह गूगल नक्शों के जरिए भारत में अपने परिवार को खोजने की कोशिश करता है। पटेल ने पुरस्कार जीतने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, अद्भुत, यह हो गया। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उस प्यार के बारे में है, जो सीमाओं, नस्लों, रंगों और सभी बाधाओं से परे है।
|