|
|
महेंद्र सिंह धोनी को आज आईपीएल फ्रेंचाइजी राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के कप्तान पद से हटा दिया गया और उनके स्थान पर आस्ट्रेलियाई स्टीव स्मिथ को कप्तानी सौंपी गयी। इस तरह से धोनी की अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट दोनों से कप्तानी के तौर पर पारी समाप्त हो गयी। धोनी ने इस साल के शुरू में भारत की सीमित ओवरों की टीम की कप्तानी छोड़ दी थी लेकिन वह टीम में बने हुए हैं।
इसी तरह से वह पुणे फ्रेंचाइजी की तरफ से एक खिलाड़ी के रूप में खेलते रहेंगे। राइजिंग सुपरजाइंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने कहा, धोनी ने इस्तीफा नहीं दिया। हमने आगामी सत्र के लिये स्टीव स्मिथ को कप्तान नियुक्त किया है। सच में कहूं तो पिछला सत्र हमारे लिये अच्छा नहीं रहा और हम चाहते थे कि कोई युवा खिलाड़ी टीम की अगुवाई करें और हमने आगामी सत्र से पूर्व इसमें बदलाव किये।
यह पहला अवसर है जबकि सभी प्रारूपों से भारतीय टीम की कप्तानी छोड़ने वाले धोनी को उनके पद से हटाया गया। यह फैसला बेंगलुरू में कल होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी से एक दिन पहले किया गया। गोयनका ने कहा, मैं एक कप्तान और इंसान के रूप में धोनी को पूरा सम्मान करता हूं। धोनी हमारी टीम का हिस्सा बने रहेंगे। फ्रेंचाइजी के सर्वश्रेष्ठ हित में लिये गये फैसले का उन्होंने समर्थन किया है।
चेन्नई और राजस्थान रायल्स पर दो साल का प्रतिबंध लगने तथा पुणे और गुजरात लायन्स के रूप में दो नयी फ्रेंचाइजी जुड़ने के बाद आईपीएल में एकमात्र ड्राप्ट में दिसंबर 2015 में सबसे पहले जिस खिलाड़ी को चुना गया वह धोनी थे। दोनों नयी फ्रेंचाइजी टीमों को पांच पांच खिलाड़ी चुनने का विकल्प दिया गया था। इसके बाद से ही धोनी पुणे फ्रेंचाइजी के साथ थे।
उनकी जगह 27 वर्षीय स्मिथ को कप्तान बनाया गया है जो अभी आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान भी हैं। स्मिथ को 2014-15 में टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया था और 2015 विश्व कप के बाद से वह वनडे टीम के कप्तान भी हैं। पुणे का पिछले सत्र में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और वह आठ टीमों में किंग्स इलेवन पंजाब से उपर सातवें स्थान पर रहा था। पूरे सत्र में उसकी टीम खिलाड़ियों के चोटिल होने की समस्या से जूझती रही थी। केविन पीटरसन, फाफ डु प्लेसिस और स्टीव स्मिथ जैसे खिलाड़ी चोटिल होने के कारण हट गये थे।
|