|
|
एबीवीपी के खिलाफ मुहिम छेड़ने वाली करगिल शहीद की बेटी और डीयू की स्टूडेंट गुरमेहर कौर का केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू भी विरोध कर रहे हैं। रिजिजू ने ट्विटर पर लिखा - इस स्टूडेंट का दिमाग किसने खराब किया? नेशनलिज्म को डिफाइन नहीं किया जा सकता। लेकिन जिसने अफजल गुरु और आतंकियों की तरह देश बांटने की कोशिश की, उसे तो एंटी-नेशनल ही माना जाएगा। गुरमेहर ने कहा था, "मेरे पिता को पाकिस्तान ने नहीं, जंग ने मारा था।" इस बीच, राहुल गांधी ने गुरमेहर का सपोर्ट किया है।
रिजिजू ने ट्वीट किया - चंद ब्रिटिश रूलर्स ने भारत पर सदियों राज किया। यही नहीं, कई ठगों ने भारत के राजाओं को हराया। ये इसलिए नहीं हुआ कि भारतीय कमजोर थे, बल्कि इसलिए कि एक जयचंद हमेशा से मौजूद रहा है। फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन (बोलने की आजादी) की आड़ में कुछ स्टूडेंट्स भारत को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। मेरा जन्म उस गांव में हुआ, जिस पर कुछ दिनों तक चीन का कब्जा था। मैं अपने देश को बचाने वाले लोगों के साथ बड़ा हुआ और वही किया जो हर अरुणाचली करता है। अगर भारत एक मजबूत देश नहीं बनेगा तो आजादी का क्या मतलब रह जाएगा?
रिजिजू के बयान आने के बाद गुरमेहर ने उसका जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रोल किए जाने के बाद वीरेंद्र सहवाग को भी जवाब दिया। वो बोली - मेरे पास अपना दिमाग है, किसी ने मेरा दिमाग खराब नहीं किया है। मैं एंटी नेशनल नहीं हूं। वीरेंद्र सहवाग के बारे में कहा, मेरा दिल टूट गया है। ये वही लोग हैं, जिनके लिए आप मैच के दौरान चिल्लाते हैं। ये आपके पिता की मौत पर भी आपको ट्रोल करते हैं।
आपको बता दे, पिछले दिनों दिल्ली के रामजस कॉलेज में बुधवार को AISA और ABVP के सपोर्टर्स के बीच भारी हिंसा हुई थी। यह झगड़ा पुणे तक पहुंच गया। इस हिंसा के खिलाफ गुरमेहर ने 22 फरवरी को अपना फेसबुक प्रोफाइल पिक्चर बदला। नए प्रोफाइल फोटो में वे एक तख्ती पकड़ी हुई नजर आईं। उस पर #StudentsAgainstABVP हैशटैग के साथ लिखा- "मैं दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ती हूं। ABVP से नहीं डरती। मैं अकेली नहीं हूं। भारत का हर स्टूडेंट मेरे साथ है।" गुरमेहर ने पोस्ट में लिखा- "ABVP का बेगुनाह स्टूडेंट्स पर किया गया हमला परेशान करने वाला है और इसे रोका जाना चाहिए। यह हमला प्रोटेस्ट कर रहे लोगों पर नहीं था, बल्कि यह डेमोक्रेसी के हर उस विचार पर हमला था, जो हर भारतीय के दिल के करीब है। यह आदर्शों, आजादी और देश के हर शख्स के हक पर हमला था। जो पत्थर तुम फेंकते हो, वे हमारे शरीर को चोट पहुंचाते हैं, लेकिन ये हमारे आदर्शों को चोट नहीं पहुंचा सकते। यह प्रोफाइल फोटो डर और नाइंसाफी के खिलाफ विरोध जाहिर करने का मेरा अपना तरीका है। गुरमेहर ने यह आरोप भी लगाया कि उन्हें एबीवीपी की ओर से रेप की धमकियां मिल रही हैं।
|