|
|
क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर आज पेशेवर नेटवर्क वेबसाइट लिंक्डइन से इनफ्लूएंसर के रूप में जुड़े। लिंक्डइन ने एक बयान में कहा है कि लिंक्डइन इनफ्लूएंसर के रूप में तेंदुलकर अनेक हस्तियों के विशिष्ट समूह में रहेंगे जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा, नेता शशि थरूर व उद्योगपति बिल गेट्स शामिल हैं।
तेंदुलकर ने कहा है, टीम का हिस्सा बनना तथा एक दूसरे से सीखना मेरे व्यक्तिगत विकास का अभिन्न अंग है। उल्लेखनीय है कि लिंक्डइन दुनिया की प्रमुख पेशेवर नेटवर्क वेबसाइट है।
2013 में सचिन ने लिया था संन्यास सचिन तेंदुलकर ने साल 2013 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2013 में चैंपियंस लीग टी-20 मैच के दौरान मैं दिल्ली में था। मेरी सुबह की शुरूआत जिम में वर्कआउट से होती है, ये रुटिन मैं पिछले 24 साल से अपना रहा था, लेकिन अक्टूबर की उस सुबह मुझे कुछ बदला सा लगा। मुझे महसूस हुआ कि मैं खुद को जबरन जगाता हूं और ऐसे दिन की शुरूआत करता हूं। मैं जानता था कि जिम ट्रेनिंग, क्रिकेट का अहम हिस्सा है- जो 24 साल से मेरे जीवन में चल रहा था। हालांकि उस दिन कुछ अलग लग रहा था...पता नहीं क्यों? ये संकेत क्या इस ओर इशारा कर रहे थे कि मुझे रुक जाना चाहिए?
क्रिकेट के बाद शुरू हुई दूसरी पारी का किया जिक्र क्या ये इस ओर इशारा कर रहा था कि जो खेल इतने दिनों से उनके साथ जुड़ा हुआ था...अब ज्यादा दिन उनके रुटिन में नहीं रहने वाला है। इस पूरे घटनाक्रम के करीब एक महीने बाद उन्होंने संन्यास का ऐलान कर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी पहली पारी उनके सपनों को पूरा करने वाली थी। दूसरी पारी उनके संतुष्टी के लिए है। मैं चाहता हूं कि जिस खेल ने मुझे बनाया मैं उसे भी कुछ दूं। खास तौर से उससे जुड़े समाज और प्रभावित हुए लोगों के लिए कुछ करना चाहता हूं।
|