|
|
उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा के विधानसभा चुनावों में विजय पताका फहराने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी मोड से अब काम के मोड में आ गए हैं । गुरुवार को हुई भाजपा की संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने पार्टी सांसदों से स्पष्ट रूप से कहा कि वह सरकार के कामों को जनता के बीच ले जाएं | साथ ही पीएम ने कहा कि वह न तो बैठेंगे और न ही दूसरों को बैठने देंगे. पीएम का इशारा साफ था कि सभी को काम करना होगा | पीएम मोदी ने सांसदों से वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुट जाने के लिए कहा |
भाजपा को मिली जीत से उत्साहित मोदी ने आगे के लिए कई कार्यक्रम तय किए जिनमें छह अप्रैल को पार्टी की स्थापना दिवस और 14 अप्रैल को बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की जयंती के बीच हफ्ते भर तक चलने वाला समारोह है | उन्होंने नेताओं से अपील की कि अपनी सरकार के कार्यों का दूत युवकों को बनाएं |
उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में पार्टी को मिले शानदार जनादेश और गोवा तथा मणिपुर में सरकार बनाने के बाद भाजपा संसदीय दल की पहली बैठक में जश्न का माहौल था जहां पार्टी के लिए आगे का खाका तैयार किया गया और धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया । मोदी के बैठक स्थल पर प्रवेश करने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया |
प्रधानमंत्री ने नेताओं के लिए कई कदम उठाने को कहा जिसमें 26 मई को सरकार के तीन वर्ष पूरा होने से पहले लोगों से 72 घंटे तक संपर्क अभियान चलाना शामिल है | उन्होंने कहा, ना बैठूंगा, ना बैठने दूंगा। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि दलितों से संपर्क कायम रखने के प्रयास के तहत पार्टी ने 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर हफ्ते भर तक समारोह आयोजित करने का निर्णय किया है | समझा जाता है कि उत्तरप्रदेश चुनावों में दलितों ने बड़े पैमाने पर भाजपा को वोट दिया है |
पार्टी हर पंचायत और वार्ड में एक हफ्ते तक कार्यक्रम का आयोजन करेगी | यह छह अप्रैल को अपना स्थापना दिवस भी मनाएगी जिस दौरान इसके नेता और कार्यकर्ता स्वच्छ भारत अभियान में हिस्सा लेंगे | मोदी ने पार्टी नेताओं से कहा कि भीम एप्प के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए जनमानस को इस बारे में जानकारी दें और इसे डाउनलोड करने में उनका सहयोग करें । उन्होंने कहा कि एप्प छोटे व्यवसायियों को महाजनों के चंगुल से मुक्त करा सकता है और सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बन सकता है | उन्होंने कहा कि जो लोग इसका ज्यादा इस्तेमाल करेंगे, उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा |
JENEWS.in से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक कर ज्वॉइन करें, और ट्विटर पर फॉलो करे...
|