|
|
देश में इन दिनों कॉमेडी़ जगत का बड़ा नाम कपिल शर्मा अपने ही शो के एक साथी से लड़ाई करने की वजह से सुर्खियों में हैं । दो-तीन दिन से मीडिया में ख़बरें थीं कि कपिल और उनके शो में गुत्थी, डॉ मशहूर गुलाटी जैसे किरदार अदा करने वाले सुनील ग्रोवर के बीच विमान में झगड़ा हुआ ।
हालांकि सोमवार सवेरे कपिल शर्मा ने ख़ुद फ़ेसबुक पर सारे मामले से पर्दा हटा दिया है |
इस पोस्ट में शुरुआत में लिखा गया है कि लड़ाई की ख़बर कहां से आई और इसे फैलाने के पीछे क्या मंशा है लेकिन इसी में दोनों के बीच कहासुनी होने की बात मानी गई है |
उन्होंने लिखा है, ''मैं बढ़िया वक़्त गुज़ार रहा था जब सुनील ग्रोवर से लड़ाई की ख़बरें सुनीं | ये ख़बर कहां से आई...इसके पीछे क्या मंशा है...अगर में फ़्लाइट में उनसे लड़ा था तो ये किसने देखा और आपको इस बात की जानकारी किसने दी...जिसने दी क्या वो भरोसे लायक है?''
कपिल ने आगे लिखा, ''कुछ लोगों को इस तरह की बातों में मज़ा आता है...हम साथ खाते हैं...साथ घूमते हैं...मैं अपने भाई से साल में एक बार मिलता हूं लेकिन अपनी टीम के साथ कमोबेश हर दिन गुज़ारता हूं...ख़ास तौर से सुनील...मैं उनसे प्यार करता हूं...उनका सम्मान करता हूं |
और फिर उन्होंने ये लिखते हुए झगड़े की बात स्वीकार की, ''हां मेरी उनसे कहासुनी हुई थी...लेकिन क्या हम सामान्य लोग नहीं हैं | मैं पांच साल में पहली बार उन पर चिल्लाया हूं । इतना तो चलता है भाई | हम बात करेंगे कि दिक्कत कहां हुई |''
उनकी इस पोस्ट से ये भी साफ़ हुआ कि वो इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाना चाहते हैं | कपिल ने लिखा, ''मैं बतौर कलाकार और इंसान उन्हें बेहद पसंद करता हूं...वो मेरे बड़े भाई की तरह हैं | लेकिन हर वक़्त इतनी नकारात्मकता क्यों?''
कपिल के मुताबिक वो मीडिया का सम्मान करते हैं लेकिन दूसरे कई संगीन मुद्दे हैं जिन पर गौर करना चाहिए । उन्होंने सवाल उठाया, ''क्या मेरा और सुनील का झगड़ा देश की सुरक्षा के लिए ख़तरा है? हम अपने-अपने परिवार के बजाय एक-दूसरे के साथ ज़्यादा वक़्त गुज़ारते हैं...और कई बार परिवारों में भी ऐसा होता है । ये हमारा पारिवारिक मामला है...हम इसे निपटा लेंगे...ज़्यादा मज़े मत लिया करो |''
और पोस्ट के अंत में उन्होंने सारी बातचीत एक बार फिर मज़ाक की तरफ़ मोड़ने की कोशिश की | कपिल ने लिखा, ''ओके टाईप करते-करते मैं थक गया हूं...और एक बात...मैं फ़िरंगी के फ़ाइनल शिड्यूल के लिए जा रहा हूं | हाहाहा...सॉरी फिर से प्रमोशन करने लगा...आप सभी के प्यार और आशीर्वाद के लिए शुक्रिया...मुस्कुराते रहिए और हमेशा खुश रहिए...सभी को प्यार |''
इससे पहले भी कपिल और सुनील ग्रोवर के बीच खटपट की ख़बरें आईं थी और सुनील उनके शो से जुदा होकर अपना शो लॉन्च करने चले गए थे | बाद में दोनों के बीच सुलह हो गई और सुनील कपिल के साथ लौट आए थे |
JENEWS.in से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक कर ज्वॉइन करें, और ट्विटर पर फॉलो करे...
|