|
|
बीसीसीआई ने गुरुवार को भारत के 32 केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटरों की सालाना रिटेनरशिप फीस दोगुनी कर दी, जिसमें मौजूदा कप्तान विराट कोहली और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अलावा पांच अन्य खिलाड़ी दो करोड़ रुपये के ग्रेड ए में मौजूद हैं |
प्रशासकों की समिति (सीओए) ने गुरुवार को ग्रेड ए खिलाड़ियों की घोषणा की जो अब दो करोड़ रुपये की राशि प्राप्त करेंगे | यह पहले एक करोड़ रुपये थी जबकि ग्रेड बी और ग्रेड सी के क्रिकेटरों को क्रमश: एक करोड़ और 50 लाख रुपये मिलेंगे |
टेस्ट मैचों की फीस बढ़ाकर प्रत्येक मैच 15 लाख रुपये कर दी गयी है जो पहले 7.50 लाख रुपये थी जबकि वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से खिलाड़ियों को क्रमश: छह लाख और तीन लाख रुपये प्राप्त होंगे. सभी भुगतान एक अक्तूबर 2016 से प्रभावी होंगे |
इस शीर्ष ग्रेड में सात क्रिकेटर धोनी, कोहली, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा और मुरली विजय हैं | सीनियर क्रिकेटर जैसे युवराज सिंह और आशीष नेहरा को क्रमश: ग्रेड बी और सी में जगह मिली है लेकिन इसमें सुरेश रैना का नाम इसमें शामिल नहीं है जो हाल तक सीमित ओवरों मैचों में स्थायी सदस्य होते थे | बल्कि रैना एक अक्तूबर 2016 के बाद खेले हैं लेकिन वह 32 सदस्यीय सूची में मौजूद नहीं हैं|
युवा ऋषभ पंत ग्रेड सी का हिस्सा हैं | हरभजन सिंह और गौतम गंभीर इस सूची में मौजूद नहीं हैं क्योंकि वे इस तारीख से पहले खेले थे जिसके बाद से अनुबंध प्रभावी होंगे | राष्ट्रीय चयन समिति के साथ सलाह मश्विरे के बाद फैसला किया गया |
ग्रेड ए : विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, रविचंद्रन अश्विन, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, रविंद्र जडेजा और मुरली विजय
ग्रेड बी : रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा, उमेश यादव, रिद्धिमान साहा, जसप्रीत बुमराह, युवराज सिंह
ग्रेड सी : शिखर धवन, अम्बाती रायुडू, अमित मिश्रा, मनीष पांडे, अक्षर पटेल, करूण नायर, हार्दिक पंड्या, आशीष नेहरा, केदार जाधव, युजवेंद्र चाहल, पार्थिव पटेल, जयंत यादव, मंदीप सिंह, धवल कुलकर्णी, शरदुल ठाकुर, ऋषभ पंत।
इसबीच दिवंगत राजेश सावंत की पत्नी संध्या राजेश सावंत को भारतीय क्रिकेट की सेवा के लिये 15 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। सावंत जब भारत की अंडर-19 टीम के साथ अधिकारिक रूप से दौरे पर थे तब उनका आकस्मिक निधन हो गया था |
JENEWS.in से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक कर ज्वॉइन करें, और ट्विटर पर फॉलो करे...
|