Visitors online: 004

BCCI के खिलाफ कानूनी जंग की तैयारी में Pak बार्ड, आईसीसी में दर्ज कराएगा मामला

Home » Headlines

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को घोषणा की कि वह भारत के पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखला नहीं खेलने के लिये आईसीसी विवाद निवारण समिति के सामने बीसीसीआई के खिलाफ मुआवजा मामला दर्ज करेगा | पीसीबी चेयरमैन शहरयार खान ने बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक के बाद कहा कि उन्हें भारत के खिलाफ मुआवजा मामला आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई को जल्द ही कानूनी नोटिस भेजा जाएगा और इसके बाद पीसीबी आईसीसी विवाद निवारण समिति के सामने मामला दर्ज करेगा। 
 
उन्होंने लाहौर में संवाददाता सम्मेलन में कहा, हमने अब कानूनी कार्रवाई करने का फैसला किया है और हम बीसीसीआई के लिये नोटिस भेजेंगे जिसके बाद हम अपने घाटे की भरपायी के लिये आगे कदम बढ़ाएंगे क्योंकि हम क्रिकेट खेलना चाहते हैं और हम इस पर विश्वास नहीं करते कि सरकार और राजनीति के कारण भारत को हमारे खिलाफ खेलने की अनुमति नहीं मिलती |
 
शहरयार ने कहा, हमें पाकिस्तान और भारत के बीच द्विपक्षीय श्रृंखला की कोई संभावना नजर नहीं आती है | पूर्व में भी राजनीतिक तनाव रहा है लेकिन क्रिकेट श्रृंखला होती रही | लेकिन मोदी सरकार (भारत में) के रहते हुए हमें नहीं लगता कि वह (भारत) हमसे मौजूदा परिस्थितियों में खेलेगा | उन्होंने कहा, भारत ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किये हैं जिसके अनुसार हमें छह श्रृंखलाएं खेलनी हैं जिनमें से दो का समय खत्म हो चुका है और इस साल तीसरी श्रृंखला होने की संभावना भी नहीं है | इसके कारण हमें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है |
 
उन्होंने कहा, हमें पूरा विश्वास है कि मुआवजा संबंधी हमारा मामला काफी मजबूत है | लेकिन अगर हम वहां (आईसीसी विवाद निवारण समिति) नहीं जीत पाते तो फिर हम बीसीसीआई के खिलाफ अदालत में कानूनी मामला दर्ज करने के लिये भी तैयार हैं | शहरयार ने कहा, अगर आईसीसी समिति हमारा मसला नहीं सुलझा पाती और हमारे नुकसान की भरपायी करने में मदद नहीं करती तो हम अदालत जाएंगे | उन्होंने कहा कि बोर्ड की कानूनी टीम के साथ व्यापक विचार विमर्श के बाद यह फैसला किया गया | कानूनी टीम ने कहा कि पीसीबी अदालत जा सकता है |
 
शहरयार ने कहा कि पीसीबी के पास बीसीसीआई के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है | पीसीबी चेयरमैन ने कहा, हम चुपचाप बैठकर उनकी हां का इंतजार नहीं कर सकते | उन्होंने 2007 के बाद से हमारे खिलाफ पूर्णकालिक द्विपक्षीय श्रृंखला नहीं खेली है |
 
JENEWS.in से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक कर ज्वॉइन करें, और ट्विटर पर फॉलो करे... 
 


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links