|
|
रियो ओलंपिक की रजत पदकधारी पीवी सिंधू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को यहां मौजूदा ओलंपिक चैम्पियन कैरोलिना मारिन को 21-19, 21-16 से हराकर अपना पहला इंडिया ओपन सुपर सीरीज खिताब जीता | सिरीफोर्ट खेल परिसर में घरेलू दर्शकों के सामने तीसरी वरीय भारतीय ने फाइनल मुकाबले में शुरू से ही दबदबा बनाये रखा और स्पेन की खिलाड़ी को 46 मिनट में पराजित कर दिया |
इस जीत से सिंधू और मारिन के बीच जीत का रिकॉर्ड 4-5 हो गया है. सिंधू ने पिछली बार मारिन को पिछले साल दुबई में बीडब्ल्यूएफ सुपर सीरीज में हराया था | इससे पहले डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसने ने चीनी ताइपे के टिएन चेन चोउ को सीधे गेम में शिकस्त देकर पुरुष एकल खिताब पर कब्जा किया. तीसरे वरीय एक्सेलसेन को चोउ को 21-13 21-10 से हराने में महज 36 मिनट लगे जिसके बाद उन्होंने अपना पहला इंडिया ओपन खिताब हासिल किया |
सिंधू और मारिन के बीच फाइनल में सभी की दिलचस्पी थी, जो रियो ओलंपिक के फाइनल मैच का रिप्ले था | भारतीय स्टार शटलर ने बदला चुकाने वाले इस मुकाबले में लाजवाब प्रदर्शन किया और वह इस दौरान आत्मविश्वास से भरी दिखीं | आज के दिन सिंधू स्पेनिश खिलाड़ी से कहीं बेहतर थीं और वह सहजता से गेम में नियंत्रण बनाती दिखीं | मारिन ने कई अनफोर्स्ट गलतियां की जबकि सिंधू के ड्रॉप्स और ताकतवर क्रॉस कोर्ट स्मैश ने स्पेनिश खिलाड़ी को मैच पर कब्जा नहीं करने दिया |
दोनों ही गेम में सिंधू ने शुरू से ही बढ़त बनायी | शुरुआती गेम में सिंधू ने 6-1 से बढ़त बना ली थी लेकिन मारिन ने धीरे धीरे वापसी की | पहले छह अंकों के बाद दुनिया की दो शीर्ष खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला काफी करीबी हो गया | सिंधू ने ब्रेक से पहले 11-9 की बढ़त बना ली थी. इसके बाद दिलचस्प मुकाबला जारी रहा, एक बार दोनों तब 16-16 से बराबरी पर आ गयी जब मारिन ने क्रॉस कोर्ट ड्रॉप शॉट से शानदार रैली से अंक जुटाया |
JENEWS.in से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक कर ज्वॉइन करें, और ट्विटर पर फॉलो करे...
|