|
|
तमिलनाडु में पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता द्वारा चलाई गई अम्मा कैंटीन की तर्ज पर मध्यप्रदेश सरकार ने भी शुक्रवार (7 अप्रैल) शाम से लोकलुभावन "दीनदयाल रसोई योजना" की शुरुआत की| इसके तहत पांच रुपये में गरीबों को भरपेट एक थाली भोजन मिलेगा|
यह योजना भाजपा के विचारक दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर शुरू की गई है| शुक्रवार शाम को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर में इसका शुभारंभ किया| यह योजना प्रदेश के 51 जिलों में से 49 जिलों के मुख्यालयों में 7 अप्रैल को छह से सात बजे के बीच शुरू हो गई, जबकि भिण्ड और उमरिया जिले में विधानसभा उपचुनाव के कारण इस योजना की शुरुआत बाद में की जायेगी| गौरतलब है कि भिण्ड जिले की अटेर एवं उमरिया जिले की बांधवगढ़ में नौ अप्रैल को उपचुनाव होना है|
मध्यप्रदेश की नगरीय विकास मंत्री माया सिंह ने बताया, हर जिला मुख्यालय में न्यूनतम एक स्थान पर दीनदयाल रसोई प्रारंभ की जायेगी|आवश्यकतानुसार बड़े शहरों में एक से अधिक केन्द्र स्थापित किए जा सकेंगें | उन्होंने कहा कि दीनदयाल रसोई योजना से न सिर्फ कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध होगा बल्कि हर वर्ग के व्यक्ति को अपने सामाजिक दायित्व निभाने का सुअवसर भी मिलेगा |
मंत्री माया सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशानुसार नगरीय क्षेत्रों में व्यवसाय एवं श्रम कार्य करने वाले गरीबों को आवास व्यवस्था के साथ-साथ भोजन की समुचित व्यवस्था के मद्देनजर दीनदयाल रसोई योजना की शुरुआत की गई है| उन्होंने कहा, पांच रुपये की थाली में कोई भी व्यक्ति भरपेट भोजन कर सकेगा| थाली में चार रोटी, एक सब्जी और दाल शामिल होगी | रोजाना पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक लगभग 2,000 लोगों के खाने की व्यवस्था होगी |
माया ने बताया कि योजना की व्यवस्था की निगरानी जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति करेगी | समिति में शासकीय अधिकारियों के अतिरिक्त अनाज व्यापारी संघ तथा सब्जी मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष को भी सदस्य बनाया गया है| रसोई केन्द्रों के लिए गेहूं एवं चावल एक रुपये प्रति किलो की दर से उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से उपलब्ध करवाया जायेगा| पानी तथा बिजली की व्यवस्था नगर निगम द्वारा नि:शुल्क की जायेगी|
उन्होंने कहा कि केन्द्रों की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना योजना से राशि उपलब्ध होगी| प्रत्येक केन्द्र के लिए स्थानीय मुख्यालय के राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता खोला जायेगा|
|