|
|
हिंदी सिनेमा जगत के जाने-माने अभिनेता विनोद खन्ना इन दिनों मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं } उन्हें डीहाइड्रेशन के चलते सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में शुक्रवार को भर्ती किया गया था | सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें वे बेहद कमजोर नजर आ रहे थे |
विनोद खन्ना के स्वास्थ्य के लिए पूरा हिंदी सिनेमा जगत दुआएं कर रहा है | सलमान खान आधी रात को विनोद खन्ना से मिलने सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल पहुंचे | सलमान खान पहले भी विनोद खन्ना के साथ कई फिल्में कर चुके हैं और उन्हें अपना लकी मैस्कट और मेंटर मानते हैं | हाल में ही सलमान खान मालदीव से छुट्टियां बिताकर वापस आए हैं |
सलमान खान अस्पताल जाकर विनोद खन्ना से मिले | उनके साथ कुछ वक्त भी गुजारा और जल्द से जल्द ठीक होने की विश भी दी | पहले भी कई इंटरव्यू में सलमान खान विनोद खन्ना के बारे में बता चुके हैं कि उनके लिए वो परिवार के सदस्य की तरह हैं |
सलमान खान विनोद खन्ना को अपना लकी मैस्कट मानते हैं | विनोद खन्ना की चुनावी रैलियों को भी सलमान खान ने संबोधित किया था और वोट देने की अपील भी की थी | सलमान खान के लिए विनोद खन्ना पिता की तरह हैं | उन्होंने दबंग में सलमान खान के पिता का किरदार निभाया भी था |
वहीं, बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान ने गुरुवार को कहा कि वह अभिनेता विनोद खन्ना की हाल की एक फोटो देखकर हैरान रह गए | इरफान खान ने गुजरे जमाने के दिग्गज अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की कामना की |
इरफान ने कहा, "मैं यह जानकर बहुत दुखी हूं कि विनोद खन्नाजी स्वस्थ नहीं हैं | मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं | मेरे लिए वह और धर्मेंद्र साहब हिंदी फिल्म जगत के सबसे संदर हीरो रहे हैं | आज, जब मैंने यह फोटो देखी तो हतप्रभ रह गया | यदि मैं किसी भी तरह से उनकी मदद कर सकूं, तो मैं करना चाहूंगा | यदि आवश्यकता पड़ी तो मैं अपना अंग दान करूंगा | मैं ईश्वर से प्रार्थना कर चाहता हूं ताकि वह जल्द स्वस्थ हो सकें |"
दरअसल, विनोद खन्ना को शरीर में पानी की कमी की शिकायत हुई थी जिस वजह से उन्हें भर्ती किया गया | विनोद की एक तस्वीर पिछले कुछ दिनों से वायरल हो रही है जिसमें वो अस्वस्थ्य नजर आ रहे हैं | उनके एक करीबी ने बताया कि विनोद खन्ना के बारे में बताने से मना किया गया है लेकिन इतना जरूर है कि उन्हें कैंसर नहीं है |
अस्पताल के एक प्रवक्ता ने कहा, "विनोद खन्ना को डीहाइड्रेशन के चलते सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में शुक्रवार को भर्ती किया गया था | वह हमारे डॉक्टरों की देखरेख में हैं और इलाज का उन पर अच्छा असर हुआ है | उनकी हालत स्थिर है | परिवार के सदस्यों ने प्रशंसकों द्वारा की गई दुआओं के लिए उनका धन्यवाद दिया है और लोगों से परिवार की निजता बनाए रखने का आग्रह किया है |
|