|
|
भारत के चार दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दिल्ली मेट्रो में सफर किया| दोनों नेताओं ने मंडी हाउस से अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन तक का सफर किया| इस दौरान दोनों नेताओं ने एक दूसरे के साथ सेल्फी खींची और उसे ट्विटर पर शेयर किया| सफर के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया -"ऑस्ट्रेलियाई पीएम मैल्कम टर्नबुल के साथ दिल्ली मैट्रो में हूं, हम अक्षरधाम मंदिर की तरफ जा रहे है|"
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने भी अपने ट्विटर हैंडल से भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दिल्ली मेट्रो के इस सफर का अनुभव साझा किया | पूरे सफर के दौरान दोनों नेताओं ने स्टेशन पर खड़ी जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन किया| जहां-जहां मेट्रो रुकी लोगों ने ट्रेन के शीशे से लगकर पीएम मोदी की तस्वीरें खींची|
मंडी हाउस स्टेशन पर जैसे ही पीएम मोदी और ऑस्ट्रेलियाई पीएम पहुंचे तो लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए| इसके बाद दोनों नेता अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन से मंदिर तक गाड़ियो से पहुंचे| मंदिर पहुंचने पर दोनों प्रधानमंत्रियों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया| मंदिर में प्रवेश के बाद दोनों प्रधानमंत्री अक्षरधाम मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे जहां उन्होंने श्री स्वामीनारायण भगवान की विशालकाय मूर्ति को नमन किया| इस दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी दोनों नेताओं को मंदिर के आर्किटेक्चर और स्वामीनारायण ट्रस्ट के इतिहास के बारे में बताते नजर आए|
|