Visitors online: 003

भारत ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी, कहा-जाधव को फांसी दी तो भुगतने होंगे गंभीर परिणाम

Home » Headlines

भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान की सैन्य अदालत द्वारा फांसी की सजा सुनाए जाने पर केंद्र सरकार ने आज पाकिस्तान को चेताया कि अगर इस सजा पर अमल किया गया तो द्विपक्षीय संबंधों पर इसका प्रभाव पड़ेगा और वह जाधव को बचाने के लिए परिपाटी से हटकर कदम उठायेगी|
 
संसद के दोनों सदनों में दिये गए अपने बयान में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा, सरकार और भारत के लोग इस घटना को काफी गंभीरता से ले रहे हैं जिसमें बिना किसी प्रक्रिया का पालन किये पाकिस्तान में एक निर्दोष भारतीय नागरिक को मौत की सजा का सामना करना पड़ रहा है| विदेश मंत्री ने कहा, हमारे पास इस सजा को सुनियोजित हत्या का कृत्य मानने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है| सुषमा ने कहा कि अगर इस मौत की सजा पर अमल होता है, तब द्विपक्षीय संबंधों पर इसके प्रभाव पड़ेंगे|
 
उन्होंने कहा कि सरकार न केवल ये सुनिश्चित करेगी कि पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट में सर्वश्रेष्ठ वकीलों की सेवाएं जाधव के लिए सुनिश्चित की जाएं बल्कि इस विषय को पाकिस्तान के राष्ट्रपति के समक्ष भी उठाया जायेगा| उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का वकील खड़ा करना तो बहुत छोटी बात है, हम लोग राष्ट्रपति तक से जो बात करनी है, करेंगे और किसी न किसी तरह से जाधव को बचाने का प्रयास करेंगे|
 
सुषमा ने कहा, इस पूरे मामले में उन्हें बचाने के लिए जो भी करना पड़ेगा, परिपाटी से हट करके (आउट आफ द वे) हम लोग करेंगे और आपको यह बता दूं कि जिस दिन ये घटना घटी है, उस दिन से लगातार मैं जाधव के परिजनों के सम्पर्क में हूं| विदेश मंत्री ने कहा कि भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को मनगढंत आरोपों के आधार पर पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने मौत की सजा सुनाई है| जाधव ईरान में कारोबार करते थे और उन्हें वहां से अपहरण करके पाकिस्तान ले जाया गया| उन्होंने कहा कि वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं और तथ्यों का पता तब ही चल पाता जब हम उन्हें कौन्सुलर पहुंच मुहैया करा पाते|
 
सुषमा ने कहा कि इस मामले में हमारा रूख पूरी तरह से स्पष्ट है और जाधव द्वारा कोई गलत कार्य करने का कोई सबूत नहीं है| वह एक ऐसी साजिश के शिकार हुए हैं जिसमें पाकिस्तान की ओर से ऐसे कार्यों के लिए भारत पर आक्षेप लगाकर अंतरराष्ट्रीय ध्यान खींचने का प्रयास किया जा रहा है और जिस तरह से आतंकवाद को प्रायोजित करने के लिए वह पाकिस्तान स्वयं जाना जाता रहा है|
 
लोकसभा में आज सदस्यों द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, पाकिस्तान द्वारा जाधव को फांसी की सजा सुनाए जाने पर पूरा देश न केवल चिंतित है बल्कि आक्रोशित भी है। सरकार इस सजा की कड़ी निंदा करती है जो कि कानून और न्याय के मूलभूत सिद्धांतों को ध्यान में रखे बिना सुनायी गयी है| कुलभूषण जाधव को बचाने के लिए भारत सरकार जो भी करना होगा, करेगी| कुलभूषण के साथ न्याय होगा|
 


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links