|
|
रिलायंस जियो ने आज एक नए प्लान की घोषणा की जिसके तहत वह अपने प्राइम सदस्यों को 309 रुपए में 3 महीने के लिए 1GB 4G डेटा प्रतिदिन उपलब्ध कराएगी| वहीं प्रतिस्पर्धी कंपनी एयरटेल ने जियो की इस ऑफर पर भी आपत्ति जताते हुए इसे नई बोतल में पुरानी शराब करार दिया है|
उल्लेखनीय है कि जियो का यह नए ऑफर ऐसे समय में आया है जबकि भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने उसकी तीन महीने का रियायती ऑफर पर हाल ही में रोक लगा दी थी| नए ऑफर के तहत जियो 309 रुपए में पहले रिचार्ज पर असीमित एसएमएस, कॉलिंग और डेटा (1GB प्रतिदिन 4G) सुविधा देगी| इसी तरह 509 रुपए के पहले रिचार्ज पर जियो प्राइम के ग्राहक 3 महीने तक प्रतिदिन 2GB डेटा पा सकेंगे, ऑफर में असीमित एसएमएस, कॉलिंग और डेटा शामिल है|
जियो की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना के अनुसार इस पेशकश को "धन धना धन" का नाम दिया गया है| यह सिर्फ एक रिचार्ज के लिए होगा और जियो सरप्राइज ऑफर के साथ नहीं मिलेगा| कंपनी का कहना है कि जो लोग प्राइम की सदस्यता नहीं ले पाए वे अब 408 और 608 रुपए (जियो प्राइम और रिचार्ज शुल्क) चुकाकर वही सुविधाएं जारी रख सकते हैं|
वहीं भारती एयरटेल ने जियो के इस ऑफर पर आपत्ति जताते हुए उम्मीद जताई है कि प्राधिकार (ट्राई) इस पर कार्रवाई करेगा जो कि उसके निर्देश का खुला उल्लंघन है| उल्लेखनीय है कि दूरसंचार नियामक ट्राई ने पिछले सप्ताह ही कंपनी को अपनी 303 रुपए के न्यूनतम भुगतान पर असीमित कॉल और डेटा इस्तेमाल की रियायती पेशकश को वापस लेने का निर्देश दिया था| उसके बाद अब कंपनी यह ऑफर लेकर आई है| ट्राई ने छह अप्रैल को जियो को अपनी रियायती सेवा को वापस लेने का निर्देश देते हुए कहा था कि यह नियामकीय ढांचे के अनुरूप नहीं है|
|