Visitors online: 002

विदेश मंत्रालय ने कहा, कुलभूषण जाधव पाकिस्तान में कहां और किस हाल में हैं नहीं पता

Home » Headlines

विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव पाकिस्तान में किस जगह पर हैं और किस हाल में हैं, इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है और सरकार इस अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दे पर पाकिस्तान की सरकार के साथ संपर्क में है|
 
यह भी समझा जाता है कि भारत ने जाधव से वाणिज्य दूत के जरिए संपर्क कराने का अनुरोध एक बार फिर किया है जिसके लिए उसे 13 बार मना किया जा चुका है| विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने कहा कि पूरे देश की भावनाएं जाधव के साथ हैं| सरकार निर्दोष भारतीय नागरिक को न्याय दिलाने की कोई कोशिश नहीं छोड़ेगी| हालांकि उन्होंने ब्योरा नहीं दिया|
 
पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने कथित जासूसी की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में 46 वर्षीय जाधव को मौत की सजा सुनाई है| बागले ने कहा, भारत को इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि कुलभाषण जाधव कहां हैं और किस हाल में हैं| हम उन्हें वापस लाने के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं लेकिन हम उन कदमों को सार्वजनिक नहीं कर सकते जो हम उठाएंगे|
 
उन्होंने कहा कि सरकार इस अति महत्वपूर्ण मुद्दे पर भारतीय उच्चायोग के माध्यम से पाकिस्तान के साथ संपर्क में है | अधिकारी ने कहा कि जाधव बेगुनाह भारतीय हैं जो भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं| ये दोनों बातें मार्च 2016 में पाकिस्तान को बताई गयी थीं|
 
जाधव के जाली पासपोर्ट रखने की खबरों पर बागले ने कहा, हम कुछ भी पता नहीं लगा सकते क्योंकि हमें कंसुलर संपर्क नहीं कराया गया| किस तरह के जासूस अपने पास मूल पासपोर्ट रखते हैं, इसलिए मुझे उनके जासूस होने के आरोपों पर संदेह है|
 
जाधव को पाकिस्तान में फांसी की सजा सुनाये जाने के मुद्दे ने दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ा दिया है| भारत ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि इसका असर दोनों देशों के संबंधों पर पड़ सकता है तथा सरकार उन्हें बचाने के लिए अपनी हदों से आगे जाकर प्रयास करेगी|


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links