|
|
नरेंद्र मोदी ने साउथ अफ्रीका के पूर्व मशहूर क्रिकेटर जॉन्टी रोड्स की बेटी को जन्मदिन की बधाई दी है। रविवार को जॉन्टी की बेटी इंडिया का दूसरा जन्मदिन था। इस मौके पर उन्होंने एक फोटो ट्विटर पर पोस्ट की, जिसके जवाब में मोदी ने उन्हें बधाई दी। मोदी ने ट्वीट किया, "हैप्पी बर्थडे टू इंडिया, फ्रॉम इंडिया।" बता दें कि जॉन्टी आईपीएल के चलते दिनों भारत में ही हैं, वे मुंबई इंडियंस के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जॉन्टी रोड्स मुंबई इंडियंस के फील्डिंग कोच हैं। बतौर फील्डर वे काफी मशहूर रहे हैं। उनकी बेटी इंडिया का जन्म आईपीएल 2015 के दौरान भारत में ही हुआ था। इसके चलते जॉन्टी ने बेटी का नाम इंडिया रख दिया था। जॉन्टी साउथ के मंदिरों में अपनी बेटी के लिए पूजा भी करवा चुके हैं।
जॉन्टी ने बेटी के साथ अपनी फोटो ट्वीट की। साथ में एक कमेंट भी किया। लिखा, "हैप्पी बर्थडे बेबी इंडिया, 2 टुडे #लैंडऑफयोर बर्थ।" इस पर मोदी ने जॉन्टी को टैग करते हुए जन्मदिन की बधाई दी।
2015 में जॉन्टी ने कहा था, "इंडिया मिलीजुली संस्कृति, परंपराओं और विरासत वाला देश है और यही वजह है कि मैंने अपनी बेटी का नाम इंडिया रखा है। यह बहुत आध्यात्मिक देश है, मैं इसे पसंद करता हूं, यहां जिंदगी का बेहतर संतुलन दिखाई पड़ता है।"
जॉन्टी के अलावा भी ऐसे कई क्रिकेटर हैं जिन्होंने अपनी बेटी या बेटे का नाम किसी देश पर रखा है। न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर डियॉन नैश ने भी अपनी बेटी का नाम इंडिया रखा था। वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर ब्रायन लारा ने अपनी बेटी का नाम सिडनी रखा है, क्योंकि लारा ने अपनी पहली टेस्ट सेंचुरी सिडनी में ही बनाई थी।
|