|
|
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एमसीडी चुनावों के बाद एक बड़ा बयान जारी किया है| ट्वीट कर उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की है| इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि मिलकर आत्मचिंतन करें और गलती सुधारें|
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आप कार्यकर्ताओं एवं वालंटियर के नाम एक खुला पत्र जारी किया है| निगम चुनाव के नतीजों के दो दिन बाद उन्होंने ट्विटर पर एक पत्र जारी किया है|
केजरीवाल ने ट्विटर पर जारी एक पत्र में गलती स्वीकार की है| दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, पिछले दो दिनों में मैंने कई वॉलंटियर्स और मतदाताओं से बात की है| सच्चाई यह है कि हमने गलतियां की हैं| हम इन पर आत्मचिंतन करेंगे और उसे सुधारेंगे|
केजरीवाल ने पत्र में साफ लिखा है, अब वक्त आ गया है कि हम अपनी गलतियों को सुधारे, यह करना जरूरी है| हमें चिंतन करना होगा| ऐक्शन लेने की जरूरत है, बहाने बनाने का नहीं| हमें फिर से अपने काम में लग जाना चाहिए| केजरीवाल ने आगे कहा, समय-समय पर हम डगमगाए हैं, लेकिन अहम यह होगा कि हम खुद को पहचाने और उठ खड़े हों तथा वापसी करें| गौरतलब है कि इससे पहले जब एमसीडी चुनावों के नतीजे सामने आए थे तो आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने ईवीएम मशीन पर हार का ठीकरा फोड़ा था|
इसके साथ ही नेताओं ने आरोप लगाया था कि बीजेपी ने साजिश की है| हालांकि, कुछ नेता सामने आए थे और कहा था कि वे अपनी कमी को स्वीकार करते हैं| अब केजरीवाल का यह बयान काफी अहम है क्योंकि उन्होंने कहीं ईवीएम का जिक्र नहीं किया है|
पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से कुमार विश्वास ने शुक्रवार को केजरीवाल पर गलत लोगों को टिकट देने का आरोप तक लगा दिया था| उन्होंने कहा था कि चुनावों में ईवीएम ने नहीं जनता ने हराया है| वहीं पार्टी सांसद भगवंत मान समेत कई और नेताओं ने पार्टी प्रमुख को पार्टी में सुधार की नसीहत दी थी|
|