|
|
आम आदमी पार्टी में विश्वास का संकट गहराता ही जा रहा है| इस बीच सोमवार देर रात ओखला से पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान ने पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति यानी पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) से इस्तीफा दे दिया है|
गौरतलब है कि अमानतुल्लाह खान ने पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास पर गंभीर आरोप लगाए थे जिसके बाद आज पार्टी की पीएसी की बैठक बुलाई गई थी| पीएसी ने अमानतुल्लाह खान से आरोपों को लेकर गहरी नाराजगी जताई जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया| पीएसी की बैठक के बाद मनीष सिसोदिया ने बताया कि अमानतुल्ला का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया| उन्होंने यह भी बताया कि कुमार विश्वास से अरविंद केजरीवाल नाराज हैं और उनकी बयानबाजी से पार्टी का नुकसान हो रहा है| केजरीवाल ने पार्टी नेताओं को बयानबाजी से बचने को कहा है|
उधर विधायक अमानतुल्लाह खान बैठक के बाद संवाददाताओं से मिले और कहा, "मैंने अपनी मर्जी से पीएसी के पद से इस्तीफा दिया है| लेकिन मैं आज भी अपनी उस बात पर कायम हूं कि कुमार विश्वास आरएसएस और भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं| अमानतुल्ला ने कहा कि विश्वास आज कार्यकर्ताओं की बात कर रहे हैं, विधायकों की बात कर रहे हैं| मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब बस्सी हमारे एक-एक विधायक को जेल भेज रहे थे, कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करा रहे थे, तो इन्होंने बर्थडे पार्टी में बस्सी, अजित डोभाल को क्यों बुलाया और उनके बराबर में बैठकर केक क्यों खाया?"
गौरतलब है कि रविवार को अमानतुल्लाह खान ने पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आरोप लगाया था कि वो पार्टी तोड़ना और हड़पना चाहते हैं| अमानतुल्लाह खान ने मीडिया को बयान जारी कर कहा था कि कुमार विशवास आम आदमी पार्टी को हड़पना चाहते हैं और तोड़ना चाहते हैं| वो अपने घर विधायकों को बुलाकर बुलाकर ये कह रहे हैं कि मुझे पार्टी का संयोजक बनवाओ नहीं तो भाजपा में चलो, भाजपा हर एक को 30 करोड़ देने के लिए तैयार है, ऐसा ही योगेंद्र यादव चाहते थे| मुझे लगता है ये सब भाजपा के इशारे पर हो रहा है|
|