Visitors online: 001

अरविन्द केजरीवाल पर करोड़ों के घोटाले का आरोप लगाकर यूं बेहोश हुए कपिल मिश्रा

Home » Headlines

दिल्ली की आप सरकार से निकाले गये पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा आज एक संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाने के बाद बेहोश हो गये| मिश्रा को सिविल लाइन्स स्थित उनके घर से राम मनोहर अस्पताल लाया गया| वह अपने आवास पर पिछले पांच दिनों से भूख हड़ताल पर थे और आम आदमी पार्टी के पांच नेताओं के विदेश दौरों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं|
 
केजरीवाल सरकार के पूर्व जल संसाधन एवं पर्यटन मंत्री ने बेहोश होने से पहले आरोप लगाया कि पार्टी ने कई फर्जी कंपनियों से कई करोड़ रुपये का चंदा लिया| उन्होंने दस्तावेज होने का दावा करते हुए कहा, यह सब अरविंद केजरीवाल के संज्ञान में हुआ| इन फर्जी कंपनियों ने जनवरी 2014 में एक ही दिन और एक ही समय पर आप के बैंक खाते में धन जमा कराया|
 
प्रेस कांफ्रेंस में जब सवाल जवाब का समय आया तो मिश्रा ने तेज आवाज में हुंकार भरी कि अब तो ये स्पष्ट है केजरीवाल भ्रष्ट है, केजरीवाल इस्तीफा दो वरना कॉलर पकड़कर कुर्सी से खींचकर तिहाड़ जेल पहुंचा दूंगा| मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल से आज शाम तक इस्तीफे की मांग की और इसके तत्काल बाद बेहोश हो गये| मंत्री पद से हटाये जाने के बाद मिश्रा ने केजरीवाल और उनकी सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये थे।
 
कपिल मिश्रा अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हजारों पन्नों के दस्तावेज के साथ मीडिया के सामने आए थे जिसके आधार पर उन्होंने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर एक के बाद एक कई गंभीर आरोप लगाए| कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने कालेधन को सफेद करने के लिए फर्जी कंपनियों का बड़ा नेटवर्क तैयार किया| इसमें केजरीवाल के निजी लोग शामिल हैं| कपिल मिश्रा ने कहा कि 2013-14 को पार्टी के अकाउंट में जो पैसा था उसका हिसाब किताब चुनाव आयोग से छिपाया गया| जो खाते में पैसा था उसकी डिटेल भी पार्टी की वेबसाइट पर नहीं दिया गया| उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी सच नहीं बताया गया|
 
तीन साल के बाद आयकर विभाग के नोटिस में इन्होंने चुनाव आयोग को राशि बदलकर जवाब दिया| 2015-16 में बैंक में 65 करोड़ से ज्यादा रुपया था, लेकिन चुनाव आयोग को बताया गया 32 करोड़ का हिसाब किताब दिया| कई बोगस कंपनियों को आयकर विभाग ने पकड़ा| दो करोड़ का हिसाब किताब विभाग ने पकड़ा जिसे अरविंद केजरीवाल ने नकार दिया|  करीब 16 फर्जी कंपनियों से लेन देन किए गए हैं|
 
कपिल मिश्रा ने कुछ ऐसे लोगों के नाम भी लिए जिनके नाम से चंदा दिया गया| इनमें कई के खाते उसी एक्सिस बैंक की शाखा में हैं जहां नोटबंदी के दौरान छापा मारा गया था| ये कृष्णानगर ब्रांच का किस्सा है| अधिकतर चंदे रात के 12 बजे के करीब आए. यहां पर कालाधन को सफेद करने का काम किया गया|   
 
कपिल मिश्रा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के विधायक शिवचरण गोयल ने कई फर्जी कंपनियों के जरिए कालाधन को सफेद किया और पार्टी को चंदा दिया| दीपक अग्रवाल, हेमंत कुमार, सुशील कुमार गुप्ता का भी नाम लिया और आरोप लगाया कि ये लोग चंदे के लिए हेर-फेर करते रहे| उन्होंने कहा कि कई फर्जी कंपनियों के जरिये आम आदमी पार्टी को हवाला का पैसा दिया गया| उन्होंने पार्टी विधायक नरेश यादव की कंपनी का भी जिक्र किया जिसके जरिए कालाधन पार्टी को दिया गया| कपिल मिश्रा ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल को अपने विधायकों की इन सारी करतूतों की जानकारी थी|
 
मिश्रा ने कहा कि सैकड़ों कंपनियों को एक ही पते पर बनाया दिखाया गया| कई कंपनियों को विदेशी कंपनी भी दिखाया गया| उन्होंने रमेश बेल्लमगोला का जिक्र किया जिन्होंने एक करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक का पार्टी को दान दिया| यह आदमी इतना चंदा देने की योग्यता भी नहीं रखता| यह केवल 2500 रुपये दे सकता था| एक महिला ने 90 लाख रुपये दिए जिसने अभी तक केवल 4000 रुपये का आयकर भरा है| उन्होंने कई ऐसे चेक दिखाए जिन पर कोई नाम नहीं है, कोई तारीख नहीं है| फिर भी पार्टी के खाते में पैसे आ गए|
 
कपिल मिश्रा ने कहा कि मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर धोखा दिया गया| नील नाम के एक शख्स का परिचय कराने के बाद उन्होंने कहा कि इन्होंने यह कागज एकत्र किए हैं| इतना सब कुछ बयां करने के बाद कपिल ने कहा कि अब तो यह स्पष्ट है अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट है| उन्होंने कहा कि इन लोगों ने देश के साथ गद्दारी की है| अरविंद केजरीवाल को अब इस्तीफा देना चाहिए| बरना मैं अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ भिजवाकर रहूंगा| इसके बाद वह बेहोश हो गए|


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links