|
|
कप्तान विराट कोहली के अर्धशतक के बाद हषर्ल पटेल की अगुआई में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने महज औपचारिकता के इंडियन प्रीमियर लीग के अंतिम लीग मैच में आज यहां फिरोजशाह कोटला मैदान पर दिल्ली डेयरडेविल्स को 10 रन से हराकर जीत के साथ अपने अभियान का अंत किया|
प्लेआफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी दोनों टीमों की इस जंग में आरसीबी के 162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम हषर्ल, पवन नेगी और ट्रेविस हेड की धारदार गेंदबाजी के सामने 20 ओवर में 151 रन पर सिमट गई. शेन वाटसन ने चार ओवर में सिर्फ 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया| आवेश खान ने भी एक विकेट हासिल किया. दिल्ली की ओर से रिषभ पंत ने सर्वाधिक 45 जबकि श्रेयष अय्यर ने 32 रन बनाए. करूण नायर ने 26 रन का योगदान दिया|
इससे पहले आरसीबी की टीम कोहली के अर्धशतक और सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल के साथ उनकी 66 रन की साझेदारी की बदौलत छह विकेट पर 161 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया| कोहली ने 45 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और तीन चौके मारे| इन दोनों के अलावा आरसीबी का कोई बल्लेबाज 20 रन के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाया| दिल्ली की ओर तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने चार ओवर में 21 देकर दो विकेट चटकाए जबकि कप्तान जहीर खान और शाहबाज नदीम ने एक-एक विकेट हासिल किया|
आरसीबी की सात मैचों के बाद यह पहली जीत है और टीम 14 मैचों में सात अंक के साथ अंतिम स्थान पर रही. दिल्ली की टीम 14 मैचों में 12 अंक के साथ छठे स्थान पर रही| लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने दूसरी ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया जिन्होंने टी20 में पदार्पण कर रहे आवेश खान की गेंद को पुल करने की कोशिश में मिड आन पर कोहली को कैच थमाया|
सलामी बल्लेबाज करूण नायर ने लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल पर चौका जबकि श्रेयष अय्यर ने छक्का मारा| नायर ने हषर्ल पटेल का स्वागत तीन चौकों के साथ किया लेकिन शेन वाटसन की गेंद को मिड विकेट पर केदार जाधव के हाथों में खेल गए| दिल्ली ने पावर प्ले में दो विकेट पर 42 रन बनाए| रिषभ पंत ने ट्रेविस हेड पर छक्का मारा जबकि अय्यर ने हेड और चहल पर चौके मारे. अय्यर इसके बाद हषर्ल पटेल की गेंद पर एक्सट्रा कवर पर वाटसन को कैच दे बैठे| इस तेज गेंदबाज ने अगली गेंद पर मार्लन सैमुअल्स को भी बोल्ड करके दिल्ली का स्कोर चार विकेट पर 87 रन किया|
|