|
|
बॉलीवुड में हंसती-मुस्कुराती हर दिल अजीज मां के किरदारों से लोकप्रिय हुई मशहूर अभिनेत्री रीमा लागू नहीं रहीं| 59 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया| उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद मुंबई के अंबानी अस्पताल में दाखिल कराया गया था| देर रात करीब एक बजे उन्होंने अंतिम सांस ली|
रीमा लागू के दामाद विनय वायकुल ने स्थानीय मीडिया को सबसे पहले इसकी जानकारी दी| रीमा मराठी और हिन्दी फिल्मों का जाना-पहचाना चेहरा थीं| टेलीविज़न की दुनिया में भी वह खासी लोकप्रिय थीं| उन्होंने कई टीवी धारावाहिकों में काम किया| उन्होंने मैंने प्यार किया, आशिक़ी, साजन, हम आपके हैं कौन, वास्तव और हम साथ-साथ हैं, कुछ-कुछ होता है जैसी यादगार फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया था|
कई दशकों तक मां के किरदार को जीवंत करने वाली मशहूर अभिनेत्री रीमा फिलहाल टीवी धारावाहिक नामकरण में काम कर रही थीं| उन्होंने हिन्दी और मराठी भाषा की कई फिल्मों में भी काम किया|
रीमा का जन्म 18 मई, 1958 में हुआ था। उनका असली नाम गुरिंदर भदभदे था। उनकी एक्टिंग की काबिलियत तब सामने आई, जब वे पुणे के हुजूरपागा HHCP हाईस्कूल में पढ़ाई कर रही थीं। प्रोफेशनल तौर पर एक्टिंग करने के लिए उन्होंने हाईस्कूल की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। रीमा की मां मंदाकिनी भदभदे भी एक्ट्रेस थीं। रीमा की शादी मराठी एक्टर विवेक लागू से हुई थी। शादी के बाद उन्होंने अपना नाम रीमा लागू रख लिया था।
|