|
|
आप पार्टी के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच की जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही| गुरुवार को खबर आई थी कि आम आदमी पार्टी को चंदा देने वाला शख्स सामने आ गया है| इसको लेकर कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया है कि शुक्रवार को मैं इस संबंध में अरविंद केजरीवाल के झूठ का खुलासा करूंगा| जो भी लोग आप को एक क्लीन पार्टी के रूप में देखना चाहते हैं, वे इसे जरूर देखें|
इससे पहले गुरुवार को खबर आई थी कि मुकेश शर्मा नाम का एक शख्स सामने आया है और उसका दावा है कि उसने ही आम आदमी पार्टी को 2 करोड़ रुपये दिए| पहली बार एक शख्स सामने आया, जिसका कहना है कि ये चारों कंपनियां जिनके नाम से आम आदमी पार्टी को 2 करोड़ रुपये का चंदा अप्रैल 2014 में मिला है वह कंपनियां फर्जी नहीं हैं, बल्कि वो चारों कंपनियां उसकी अपनी हैं|
आपको बता दें कि फरवरी 2015 में और अब कपिल मिश्रा और उनके सहयोगी ने आम आदमी पार्टी पर फर्जी कंपनियों से 2 करोड़ का चंदा लेने का आरोप लगाया था और इस मामले में अभी तक कुछ भी सामने नहीं आ रहा था| लेकिन यह पहली बार है कि किसी ने सामने आकर कहा है कि कंपनियां असली हैं और चंदा उसने दिया है| मुकेश ने बताया कि उनकी ये कंपनियां कर्ज लेने-देने या जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करती हैं और बीते दो साल से उनकी 4 कंपनी की जांच जारी है|
|