|
|
नीदरलैंड के हेग स्थित अंतर्राष्ट्रीय कोर्ट ने आज (गुरुवार को) जासूसी के आरोप में पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नेवी के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव की फांसी की सज़ा पर रोक लगा दी| इसी के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर यह भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत साबित हुई है| अदालत ने पाकिस्तान से मामले में अंतिम फैसला आने तक कथित जासूस कुलभूषण जाधव को फांसी न देने का आदेश दिया और आदेश के क्रियान्वयन को लेकर उठाए गए कदमों से अदालत को अवगत कराने को कहा|
आपको बता दें कि भारत की ओर से वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने कुलभूषण जाधव केस की पैरवी की| खबर है कि हरीश साल्वे ने 1 एक रुपये की फीस लेकर कुलभूषण जाधव मामले में अंतरराष्ट्रीय कोर्ट में भारत का पक्ष रखा| 42 साल के अपने करियर में वह कई कॉरपोरेट घरानों का पक्ष कोर्ट में रख चुके हैं| उनकी गिनती भारत के सबसे महंगे वकीलों में होती है| अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय का फैसला आने के बाद ट्विटर पर लोगों ने भारत के वकील हरीश साल्वे की जमकर वाहवाही की| भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज समेत कई नेताओं ने हरीश साल्वे को शुक्रिया कहा|
हरीश साल्वे भारत के जाने माने वकील है| हरीश साल्वे ने वर्ष 1980 में अपने लीगल करियर की शुरुआत की| हरीश साल्वे आज पूरी दुनिया में फेमस है| हरीश साल्वे कई हाई प्रोफाइल केस लड़ चुके हैं जिसमें अंबानी से लेकर टाटा तक के केस शामिल हैं| अभी हाल में अभिनेता सलमान खान को हिट एंड रन केस में जमानत दिलवाने वाले हरीश साल्वे ही थे| वह भारत के महाधिवक्ता रह चुके हैं| हरीश साल्वे भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री एनकेपी साल्वे के बेटे हैं|
|