|
|
दिल्ली सरकार में मंत्री पद से बर्खास्त आम आदमी पार्टी से निलंबित नेता कपिल मिश्रा का अरविंद केजरीवाल और आप नेताओं पर आरोप लगाने का सिलसिला जारी है| कपिल ने कहा कि अब राइट टू रिकॉल का वक्त आ गया है| आप को केजरीवाल मुक्त करना है|
पिछले दो रविवार की तरह इस बार भी कपिल मिश्रा पत्रकार वार्ता कर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए| उन्होंने बाकायदा नाम लेते हुए कहा कि कुछ लोगों ने पार्टी को हैक कर लिया है| विभव कुमार, आशीष तलवार, संजय सिंह, दुर्गेश पाठक जैसे लोग पार्टी चला रहे हैं| कपिल ने कहा कि अब राइट टू रिकॉल का वक्त आ गया है| आप को केजरीवाल मुक्त करना है| प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव से माफी मांगता हूं कि मैंने केजरीवाल की भक्ति में उन्हें अपशब्द भी कहे| जो लोग केजरीवाल से प्रताड़ित हैं वे हमारे साथ आएं| कपिल मिश्रा ने कहा, ऐसे आंदोलन बहुत मुश्किल से खड़े होते हैं| हमें "लेट्स क्लीन अप" मूवमेंट शुरू करना है| पूर्व मंत्री ने इस आंदोलन में शामिल होने के लिए लोगों से 7863037300 पर मिस्ड कॉल करने का आग्रह किया| कपिल ने कहा कि अब हम भ्रष्टाचार मुक्त और केजरीवाल मुक्त दिल्ली बनाने के लिए संघर्ष करेंगे| इस पर मिस्ड कॉल के बाद मीटिंग बुलाएंगे और फिर चर्चा करेंगे|
कपिल की केजरीवाल कलंक कथा में अब शीतल सिंह
कपिल मिश्रा ने आशुतोष और संजय सिंह के रूस दौरे को प्रायोजित करने वाले शीतल सिंह नाम के शख्स को लेकर कहा कि क्या अरविंद केजरीवाल को उनके बारे में पता है, जो हाई सिक्यॉरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट का बिजनेस करते हैं. क्या उन्हें पता है कि दिल्ली में इसका 400 करोड़ का घोटाला हुआ है. क्या उन्हें पता है कि इस घोटाले में शामिल कंपनियों से शीतल के सीधे संबंध रहे हैं. क्या अरविंद केजरीवाल को पता है कि पहली आप सरकार में ही इस घोटाले का भांडा फोड़ा गया था. आखिर क्या मजबूरी थी कि दूसरी बार सरकार बनने पर ठेके रद्द नहीं किए गए. अब वही शख्स रूस घुमा रहा है.
कपिल मिश्रा ने पूछा, क्या केजरीवाल को पता है कि इन कंपनियों से जुड़े कई लोग दुनिया भर में हवाला कारोबार के लिए मशहूर हैं। कपिल मिश्रा ने कहा, टिकट बंटवारे में गड़बड़ी के चलते घर बैठने वाले कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि हमें घर नहीं बैठना है| लड़कर अपना हक लेना है| जब ऐसे लोग पार्टी छोड़ रहे थे तो मैंने उनके खिलाफ अपशब्द भी कहे थे, लेकिन ऐसे लोगों से मैं माफी मांगता हूं| मैं उस वक्त केजरीवाल का अंधभक्त हो गया था| कपिल मिश्रा ने स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण से भी माफी मांगी|
इससे पहले कपिल मिश्रा ने सुबह-सुबह ट्वीट कर आशुतोष और संजय सिंह के रूस दौरे पर सवाल करते हुए लिखा, आखिर किसने संजय सिंह और आशुतोष के रूस दौरे को प्रायोजित किया? अरविंद केजरीवाल? इससे पहले शुक्रवार को कपिल मिश्रा ने सीधे अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा था कि आप को हवाला नेटवर्क के जरिए पैसा मिलता है। आप पर मुखौटा कंपनियों के जरिए पैसा लेने का आरोप लगाते हुए मिश्रा ने पावरपॉइंट प्रजेंटेशन के जरिए कुछ तथ्य भी सामने रखने की कोशिश की थी|
|