|
|
पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के लॉन्च पैड पर सर्जिकल स्ट्राइक के आठ महीने बाद सेना ने मंगलवार (23 मई) को दावा किया कि सीमा पार से हमला रोकने के लिए आतंकवाद-रोधी रणनीति के तहत हालिया कार्रवाई में जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा से सटी पाकिस्तानी चौकियों को नष्ट कर दिया गया| सेना ने एक वीडियो क्लिप साझा किया, जिसमें एक जंगली इलाके में बमबारी और विस्फोट के बाद धुआं उठता दिख रहा है|पाकिस्तानी सेना ने हालांकि राजौरी जिले के नौशेरा सीमा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर हमले के दावे को खारिज किया है|
वहीं, भारतीय सेना की रणनीति का समर्थन करते हुए केंद्रीय वित्त एवं रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि भारतीय सेना द्वारा नियंत्रण रेखा के समीप पाकिस्तानी सेना की चौकियों को ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई का सरकार समर्थन करती है और इससे जम्मू एवं कश्मीर में शांति सुनिश्चित होगी| उन्होंने ट्वीट किया, "भारतीय सेना घाटी में आतंकवाद रोधी अभियान के तहत पहले से ही रक्षात्मक तथा संतुलित कार्रवाई को अंजाम दे रही है और नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ का समर्थन करने वाली पाकिस्तानी सेना की चौकियों को अलग-थलग कर रही है|"
रक्षा मंत्रालय के बाहर मेजर जनरल अशोक नरूला ने कहा कि इस अभियान को पाकिस्तानी सेना को करारा जवाब देने के लिए अंजाम दिया गया, जो भारत में घुसपैठ में आतंकवादियों का सहयोग करती है| पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा पर अग्रिम मोर्चे पर तैनात हमारे जवानों को गोलीबारी में उलझाकर सशस्त्र घुसपैठियों को घुसपैठ कराने में सहयोग कर रही है| मेजर जनरल नरूला ने कहा, पाकिस्तानी सेना सशस्त्र घुसपैठियों की सहायता करती है| नौशेरा (राजौरी जिले का सीमा सेक्टर) में हालिया कार्रवाई में हमने पाकिस्तानी सेना की कई चौकियों को तबाह कर दिया|
यह पूछे जाने पर इन हमलों को कब अंजाम दिया गया? नरूला ने कहा कि यह हाल का, बेहद हाल का अभियान है| उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी कवर फायर की आड़ में आतंकवादियों को नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ करने से रोकने के लिए सेना दंडात्मक हमलों को अंजाम दे रही है|
मेजर जनरल ने कहा, नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों में कार्रवाई की गई. यह हमारी आतंकवाद रोधी रणनीति का हिस्सा है, ताकि (राज्य में) आतंकवादियों की संख्या में कमी लाई जा सके और कश्मीरी युवा गलत राह न पकड़ें| उन्होंने कहा कि भारतीय सेना इस बात से अवगत है कि बर्फ पिघलने के साथ ही घुसपैठ के प्रयास में वृद्धि होगी|
उधर, पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने कहा, नौशेरा में पाकिस्तानी चौकियों को ध्वस्त करने और पाकिस्तानी सेना द्वारा नियंत्रण रेखा के पास नागरिकों को निशाना बनाने का भारत का दावा बेबुनियाद है|
|