|
|
चीन के अलीबाबा की समर्थन वाली डिजिटल भुगतान कंपनी पेटीएम ने मंगलवार (23 मई) को अपने भुगतान बैंक की शुरुआत कर दी| बैंक ने जमा पूंजी पर चार प्रतिशत की दर से ब्याज और कैशबैक की पेशकश की है| पेटीएम पेमेंट बैंक का लक्ष्य 2020 तक अपने ग्राहकों की संख्या दोगुना कर 50 करोड़ करने का है| उसने एक बयान में कहा कि भुगतान बैंक के जरिये ऑनलाइन लेनदेन पर कोई फीस नहीं लगेगी और खाते में न्यूनतम बकाये की भी कोई शर्त नहीं होगी| शुरआत में बैंक खाता सिर्फ आमंत्रण के जरिये उपलब्ध होगा| इसके अलावा बैंक दुकानदारों को चालू खाते की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा| पेटीएम अलीबाबा और जापान की सॉफ्टबैंक कॉर्प से वित्तपोषित देश की सबसे बड़ी डिजिटल भुगतान स्टार्ट अप है|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले साल नवंबर में उंचे मूल्य के नोटों पर प्रतिबंध के बाद पेटीएम के जरिये भुगतान में काफी तेजी आई है| यही वजह है कि कंपनी ने दो साल के दौरान अपने बैंकिंग नेटवर्क के विस्तार के लिये 400 करोड़ रपये की शुरआती निवेश योजना बनाई है| पेटीएम की बैंक खुलने के पहले साल में 31 शाखायें खोलने की योजना है| इसके साथ ही 3,000 ग्राहक सेवा केन्द्र भी खोले जायेंगे| इंडिया पोस्ट, एयरटेल के बाद पेटीएम देश की तीसरी कंपनी है जिसने भुगतान बैंक की शुरुआत की है|
रिजर्व बैंक ने 2015 में रिलायंस इंडस्ट्रीज और देश की तीन शीर्ष दूरसंचार कंपनियों सहित कुल 11 कंपनियों को भुगतान बैंक स्थापित करने की अनुमति दी थी| भुगतान बैंक जमा और रेमिटेंस की सुविधा दे सकते हैं, लेकिन वे कर्ज नहीं दे सकते| पेटीएम भुगतान बैंक के चेयरमैन विजय शेखर शर्मा ने इस अवसर पर जारी एक वक्तव्य में कहा है, "रिजर्व बैंक ने हमें दुनिया में एक नई तरह के बैंकिंग मॉडल की शुरुआत करने का मौका दिया है| हमें इस बात को लेकर गर्व है कि हमारे ग्राहकों की जमा पूंजी को सुरक्षित तरीके से सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश किया जा सकेगा और इसका इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण में होगा| हमारी कोई भी जमा राशि किसी जोखिम वाली परिसंपत्ति में परिवर्तित नहीं होगी|"
पेटीएम के इस समय 22 करोड़ ग्राहक हैं जो उसके डिजिटल बटुए का इस्तेमाल करते है| इन ग्राहकों के बटुए को अब भुगतान बैंक में स्थानांतरित कर दिया जायेगा| उपयोक्ताओं को अब खाता खोलने के लिये अपने ग्राहक को जानिये (केवाईसी:) नियमों को पूरा करना होगा| कंपनी केवाईसी अनुपालन केन्द्रों को स्थापित कर रही है ताकि ग्राहकों के खाते खोले जा सकें| पेटीएम भुगतान बैंक की सीईओ रेणु सत्ती ने कहा, "हमारी महत्वाकांक्षा देश का सबसे भरोसेमंद और दोस्ताना बैंक बनने का है| प्रौद्योगिकी की ताकत का इस्तेमाल कर हम 2020 तक 50 करोड़ भारतीयों का पसंदीदा बैंक बनना चाहेंगे| हम देशभर में बैंकिंग नेटवर्क के विस्तार पर अगले दो साल में 400 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे|"
पेमेंट बैंक खाता खोलने वाले प्रत्येक ग्राहक को खाते में 25,000 रुपये जमा होने पर 250 रुपये की नकदी वापस प्राप्त होगी| खाते में शून्य अधिशेष रखा जा सकेगा और प्रत्येक ऑनलाइन लेनदेन जैसे कि आईएमपीएस, एनईएफटी, आटीजीएस, पर कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा| पेटीएम के ग्राहक अपने पेटीएम वॉलेट को पहले की ही तरह इस्तेमाल कर सकेंगे| पेटीएम अपने ग्राहकों को देश के किसी भी एटीएम से नकदी निकालने के लिये आग्रह करने पर तुरंत आभासी रूपे डेबिट कार्ड और भौतिक रूप में भी कार्ड उपलब्ध करायेगा|
|