|
|
महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के जीवन पर आधारित फिल्म "सचिन ए बिलियन ड्रीम्स" का बुधवार को मुंबई में प्रीमियर हुआ| प्रीमियर के मौके पर फ़िल्म देखने के लिए अभिनेता अमिताभ बच्चन, आमिर खान, शाहरुख खान और पूरी भारतीय टीम मौजूद थी|
फिल्म देखने के बाद अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ट्विटर पर सचिन तेंदुलकर की खास अंदाज में तारीफ की| अमिताभ ने टि्वटर पर लिखा, "बीती रात सचिन ए बिलियन ड्रीम्स देखी| गर्व और भावनाओं से ओतप्रोत हूं| मैं उस देश का वासी हूँ जिस देश में सचिन बहता है !!!"
सचिन तेंदुलकर ने अमिताभ बच्चन का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, मेरी फ़िल्म के प्रीमियर पर आपकी मौजूदगी से मैं बेहद सम्मानित हूं| आपके आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया|
चैंपियन्स ट्रॉफी के लिए इंग्लैंड रवाना होने के पहले भारतीय टीम भी फ़िल्म के प्रीमियर पर मौजूद थी| सचिन तेंदुलकर ने टीम के खिलाड़ियों को भी धन्यवाद दिया है| बता दें कि 44 साल के सचिन तेंदुलकर ने 16 बरस की उम्र में पहली बार भारतीय टीम के लिए चुने गए थे|
इस बेहद खास मौके पर आमिर खान ने कहा कि सचिन की डॉक्युमेंट्री फिल्म आपको रुला देगी| आमिर ने कहा, मैं हमेशा से ही सचिन का बहुत बड़ा फैन रहा हूं| मैंने सचिन की यह फिल्म देख ली है, बहुत ही खूबसूरत फिल्म है| किसी भी सचिन फैन के लिए यह जज्बाती फिल्म है| इस फिल्म के जरिए सचिन की पूरी जर्नी को एक बार फिर से हम बड़े परदे पर एक्स्पीरियंस कर सकते हैं| उनकी जिंदगी में जो महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं उन्हें हम एक्स्पीरियंस कर सकते हैं| फिल्म में उनकी एक लास्ट स्पीच है वह सबको रुला देगी| मैं इस फिल्म की पूरी टीम को बधाई देता हूं| मुझे यकीन है कि यह फिल्म बहुत ही कामयाब होगी और लोगों को बहुत पसंद आएगी|
26 मई को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के प्रीमियर में क्रिकेट व बॉलिवुड जगत की दिग्गज हस्तियों ने भरपूर आनंद उठाया| बुधवार को इस अवसर पर इस फिल्म की दो स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया, जिसमें पहला शो 4.30 बजे शाम का था, जिसमें क्रिकेट जगत की हस्तियों ने शिरकत की तो वहीं शाम को 7.30 बजे आयोजित दूसरे शो में बॉलिवुड सिलेब्रिटीज ने इस फिल्म को देखा|
बता दें कि सचिन ने साल 2013 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया| करीब 24 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में सचिन तेंदुलकर ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए| वो टेस्ट और वनडे में सबसे ज़्यादा रन और सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले खिलाड़ी हैं|
सचिन ने 200 टेस्ट मैचों में 53.78 के औसत से 15921 रन बनाए| टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 51 शतक जमाए| वनडे में सचिन ने 463 मैच खेले और 44.83 के औसत से 18426 रन बनाए|
वनडे में सचिन ने 49 शतक जमाए| सचिन के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सौ शतक बनाने का रिकॉर्ड है| सचिन भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित हैं|
|