|
|
सहारनपुर में हिंसा एवं भारी तनाव के बीच जिला प्रशासन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज सहारनपुर के लिए रवाना हो गए हैं| शनिवार सुबह 9.00 बजे राजबब्बर और गुलाम नबी आजाद राहुल के आवास पहुंचे| इससे पहले सुबह 8.00 बजे राहुल अपनी मां सोनिया गांधी से मिलने 10 जनपथ पहुंचे| थोड़ी देर की मुलाकात के बाद राहुल 9.00 बजे अपने घर लौटे| और फिर वहां से सड़क मार्ग से सहारनपुर के लिए रवाना हो गए|
जिला प्रशासन ने राहुल के हेलीकॉप्टर को सहारनपुर में उतारने की इजाजत नहीं दी है| वह सड़क मार्ग से सहारनपुर पहुंचेगे| राहुल गांधी के साथ सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भी शामिल होने की उम्मीद है| इससे पहले शुक्रवार को सहारनपुर के शब्बीरपुर पहुंचे कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने कहा कि अगर प्रशासन अनुमति नहीं देता है तो भी राहुल सहारनपुर जरूर पहुंचेगें| इससे पहले सहारनपुर जिले के एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि राहुल को सहारनपुर आने की अनुमति नहीं दी गई है|
बबलू कुमार को एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे के स्थान पर लाया गया है जिन्हें सहारनपुर की जातीय हिंसा और संघर्ष के मद्देनजर 24 मई को निलंबित कर दिया गया था| राहुल का शनिवार को शब्बीरपुर गांव पहुंचने का कार्यक्रम है जहां 5 मई को दलितों के दर्जनों घरों को आग के हवाले कर दिया गया था|
कांग्रेस नेता और एससी/एसटी आयोग के अध्यक्ष पीएल पुनिया शुक्रवार को सहारनपुर के जिला अस्पताल पहुंचे| पुनिया ने कहा कि शब्बीरपुर की हिंसा राज्य सरकार और जिला प्रशासन की नाकामी है| हिंसा पीड़ित लोगों को न्याय और मुआवजा मिलना चाहिए| पुनिया ने कहा कि हमने राहुल गांधी के दौरे को लेकर जिला प्रशासन से लिखित अनुमति मांगी है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल पाया है|
पिछले एक महीने से अधिक समय में 20 अप्रैल, 5 मई, 9 मई और 23 मई को यहां जो घटनाएं घटी, उसने इस जिले के शांतिप्रिय माहौल को प्रभावित किया है| सहारनपुर के शब्बीरपुर गांव में महाराणा प्रताप शोभायात्रा के दौरान हुए एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था| इसके बाद विशेष जाति पर दलितों के साथ अत्याचार करने और उनके घर जलाने का मामला सामने आया था| इस मामले में भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर के खिलाफ केस दर्ज किया गया था|
|