|
|
इंग्लैंड में हो रही चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में भारत का पहला मुकाबला 4 जून को पाकिस्तान से है| भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस मैच से पहले ही कई सवाल उठने लगे हैं|
कहा जा रहा है कि सीमा पर पाकिस्तान लगातार अपनी नापाक हरकतें कर रहा है| क्या ऐसे में हमें उनके साथ खेलने का रिश्ता रखना चाहिए? इंग्लैंड रवाना होने से पहले टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली से भी यही सवाल पूछा गया तो वे नाराज हो गए थे| अब ऐसे में भारत के खेल मंत्री विजय गोयल ने बड़ा बयान दिया है|
केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने सोमवार को भारत तथा पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच किसी भी सीरीज की संभावना को नकार दिया है| भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के शीर्ष अधिकारी दुबई में सोमवार को ही दोनों देशों के बीच क्रिकेट रिश्तों की बहाली की सम्भावनाओं पर चर्चा के लिए बैठक करने वाले हैं|
बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट सीरीज को लेकर दुबई में सोमवार (29 मई) को चर्चा होनी है| बीसीसीआई और पीसीबी के अधिकारी दुबई में मिल रहे हैं| इस बातचीत में 2015 से 2023 के बीच दोनों देशों के बीच खेली जाने वाली छह सीरीज पर चर्चा होगी| दोनों देशों के बीच एमओयू 2014 में साइन हुआ था| भारत सरकार की मंज़ूरी न होने की वजह से 2015 में सीरीज़ नहीं हुई थी|
|