|
|
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार देशों की अपनी छह दिवसीय यात्रा के दूसरे चरण में आज स्पेन की राजधानी मैड्रिड पहुंचे| उनकी इस यात्रा का उद्देश्य इन देशों के साथ द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देना और भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए वहां से और निवेश आकर्षित करना है|
मोदी ने स्पेन की राजधानी पहुंचने के बाद ट्विटर पर अंग्रेजी और स्पेनिश में लिखा, "स्पेन पहुंच गया जिसके साथ ही एक बेहद महत्वपूर्ण दौरे की शुरूआत की| इसका उद्देश्य स्पेन के साथ आर्थिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को बेहतर करना है|" 1988 के बाद से यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का स्पेन का पहला दौरा है|
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने ट्विटर पर लिखा, "होला ऐस्पाना| प्रधानमंत्री मोदी मैड्रिड पहुंच गए, करीब तीन दशकों में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है। एक विशेष भाव दिखाते हुए स्पेनिश विदेश मंत्री ने उनकी अगवानी की|" मोदी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए अपने स्पेनिश समकक्ष मारियानो रेजॉय के साथ चर्चा करेंगे जिनमें उच्च प्रौद्योगिकी क्षेत्र शामिल है| मोदी स्पेन के राजा फिलिप षष्ठम से भी मिलेंगे|
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "वह (नरेंद्र मोदी) भारत में निवेश करने के इच्छुक स्पेन के शीर्ष उद्योगपतियों के साथ गोलमेज वार्ता भी करेंगे| प्रधानमंत्री की स्पेन यात्रा से भारत-स्पेन के मौजूदा दोस्ताना द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी| मोदी स्पेन से रूस जाएंगे और सबसे आखिर में फ्रांस जाएंगे|
|