|
|
मध्यप्रदेश में कांग्रेस एवं किसान यूनियनों द्वारा सामूहिक रूप से आहूत राज्यव्यापी बंद के दौरान आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बुधवार (7 जून) मंदसौर, देवास, नीमच खरगौन, धार, इंदौर, सीहोर एवं उज्जैन सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लूटपाट, आगजनी, तोड़फोड़ एवं पथराव किया| इसमें एक दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं| इसके अलावा कई जगहों पर सड़क यातायात अवरद्ध किया गया| देवास रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को रोका गया और देवास जिले में इन्दौर-भोपाल मार्ग पर नेवरी फाटे के पास चार चाटेर्ड बसों सहित 12 वाहनों को आग लगा दी गई|
पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई स्थानों पर आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ-साथ लाठीचार्ज भी किया| इस दौरान मंदसौर कलेक्टर से मारपीट भी की गई एवं दो थाना प्रभारी सहित करीब एक दर्जन पुलिसकर्मियों को प्रदर्शनकारियों द्वारा किये गये पथराव में चोटें भी आई हैं| कई ट्रकों एवं कुछ यात्री बसों सहित कई दुकानों एवं एक वेयरहाउस को जला दिया गया. कई दुकानों में तोड़फोड़ भी की गई|
मंदसौर के कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया, मंदसौर से पिपलिया के बीच करीब 15 किलोमीटर की रेंज में बीती रात से अब तक बड़ी संख्या में ट्रकों पर प्रदर्शनकारियों द्वारा आग लगा दी गई है| भीड़ ने कानून अपने हाथ में ले लिया| उन्होंने कहा कि इसके अलावा, सुवासरा में प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया| कई जगह लूटपाट, तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटना हुई| पुलिस को उग्र प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए जिले में कई जगहों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े और लाठीचार्ज भी किया| सिंह ने बताया कि कि जिले में इन मामलों में 10 प्रकरण दर्ज किये गये हैं और धरपकड़ की कार्रवाई जारी है|
मंदसौर के कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह के साथ मंदसौर के बरखेड़ा पंथ इलाके में उग्र आंदोलनकारियों ने कथित रूप से धक्कामुक्की एवं मारपीट भी की| घटना बुधवार (7 जून) सुबह मंदसौर से 18 किलोमीटर दूर बरखेड़ा पंथ गांव में उस वक्त हुई, जब कलेकटर सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश त्रिपाठी कल गोलीकांड में मारे गये किसान अभिषेक पाटीदार (18) के घर बुधवार सुबह शोक संवेदना प्रकट करने और उनके परिजनों से बात करने गये थे|
मंदसौर जिले में बुधवार (7 जून) को भी किसानों का आंदोलन उग्र रहा| उन्होंने आगजनी एवं तोड़फोड़ की तथा पुलिस पर कई जगहों पर लाठियां चलाने के साथ-साथ पथराव भी किया| इस पथराव में सुवासरा थाना प्रभारी श्याम बाबू शर्मा के सिर पर गंभीर चोटें भी आई हैं, जिन्हें इलाज हेतु मंदसौर भेजा गया है| शर्मा को प्रदर्शनकारियों के पथराव में उस समय चोट लगी, जब वह गुरातिया प्रताप चौराहे पर हिंसक आंदोलनकारियों को पुलिस बल के साथ तितर-बितर करने के लिए गये थे|
इसके अलावा, पिपल्यामंडी थाना क्षेत्र में भी बुधवार को कथित रूप से तीन हवाई फायर होने की खबर मिली है. हालांकि, इसमें किसी को कोई चोट नहीं आई है| मंदसौर के बड़ी चौपाटी क्षेत्र में आंदोलनकारियों ने एक वेयरहाउस में आग लगा दी तथा महू-नीमच राजमार्ग पर घंटों तक चक्काजाम किया|
उज्जैन पुलिस रेंज के महानिरीक्षक वी मधुकुमार ने बताया, "मंदसौर शहर और पिपल्यामंडी में आज कर्फ्यू जारी रहा जबकि जिले के शेष थाना क्षेत्रों में धारा 144 लागू हैं|" उन्होंने बताया कि मंगलवार (6 जून) को मंदसौर जिले में हुई घटना में घायल छह लोगों की हालत अब खतरे से बाहर है तथा मारे गये पांच लोगों का बुधवार (7 जून) को मंदसौर में अंतिम संस्कार किया गया| उन्होंने कहा कि जिले में अब स्थिति नियंत्रण में है|
इसी बीच, कांग्रेस की मंदसौर लोकसभा की पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को बुधवार को मंदसौर जिले के नाहरगढ़ इलाके में रोककर उस वक्त हिरासत में ले लिया गया, जब वह मंगलवार (6 जून) को मारे गये किसानों के परिजन को मिलने उनके घर जा रही थी|
किसान आंदोलन के चलते मंदसौर में रेल यातायात आज पूरी तरह बंद रहा| पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के वरिष्ठ जनसंम्पर्क अधिकारी जितेन्द्र कुमार जयंत ने इन्दौर से फोन पर भाषा को बताया, मंदसौर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कुछ ट्रेनों को निरस्त किया गया है तथा कुछ ट्रेनों का रास्ता बदला गया है| उन्होंने बताया कि किसान आंदोलन को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाया है| मालूम हो कि मंदसौर रेलवे स्टेशन से लगभग 2,500 से 3,000 रेल यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं|
मंदसौर में किसानों के आंदोलन के कारण रेलयातायात प्रभावित हुआ है.उत्तर-पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार रतलाम रेल संभाग में मध्यप्रदेश के मंदसौर में किसानों के आंदोलन के कारण कुछ गाड़ियों को रद्द किया गया है और कुछ गाड़ियों के मार्गो में परिवर्तन किया गया है| उन्होंने बताया कि उदयपुर-इंदौर एक्सप्रेस :19330: को रद्द किया गया है| वहीं इंदौर से आने वाली इंदौर-उदयपुर :19329: गाड़ी को जोरा रेलवे स्टेशन तक चलाया गया है| रतलाम-उदयपुर एक्सप्रेस :19327: को रतलाम नीमच के बीच चलाया जा रहा है|
उन्होंने बताया कि जयपुर-बांद्रा एक्सप्रेस :09723: के मार्ग में परिवर्तन करके इसे चित्तौड़गढ़-कोटा-रतलाम मार्ग पर चलाया जा रहा है| रतलाम-भीलवाड़ा :79301: को आज रद्द किया गया है, भीलवाड़ा रतलाम :79302: को कल के लिये रद्द किया गया है| वहीं जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस :14801: को चित्तौड़गढ़ तक और इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस :14802: को चित्तौड़गढ़ से चलाया जा रहा है|
|