|
|
मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में 5 किसानों की मौत के बाद पूरे प्रदेश में किसानों के बीच जबरदस्त आक्रोश है| प्रदर्शनकारियों ने मंदसौर, देवास, नीमच खरगौन, धार, इंदौर, सीहोर एवं उज्जैन सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लूटपाट, आगजनी, तोड़फोड़ एवं पथराव किया| इस बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पुलिस गोलीबारी में मारे गए किसानों के परिवारों से मिलने मंदसौर के लिए रवाना हो चुके है| हालांकि जिला प्रशासन ने राहुल के विमान को वहां लैंड करने की इजाजत नहीं दी| वह पहले उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचे और फिर वहां से सड़क के रास्ते मध्य प्रदेश जा रहे हैं|
नीमच के पुलिस अधीक्षक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें हिंसा प्रभावित जिले में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा| एसपी ने कहा कि अगर कांग्रेस नेता ने जिले में घुसने का प्रयास किया तो उन्हें हिरासत में ले लिया जाएगा| उधर मध्य प्रदेश सरकार ने मंदसौर के कलेक्टर स्वतंत्र कुमार सिंह और एस पी ओपी त्रिपाठी का तबादला कर दिया है| हिंसा प्रभावित मंदसौर में आरएएफ की टुकड़ी तैनात की गई|
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज सुबह उदयपुर पहुंचे और फिर मंदसौर के लिए रवाना हो गए| कांग्रेस सूत्रों बताया कि राहुल गांधी मध्य प्रदेश में किसान आंदोलन में मारे गये लोगों के परिजनों से मिलने के लिए उदयपुर होते हुए मंदसौर जाने के लिए उदयपुर पहुंचे हैं| उन्होंने बताया कि राहुल गांधी सड़क मार्ग से मंदसौर के लिए रवाना हो गये है| हवाई अडडे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट समेत सैंकेड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया| सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी कुछ समय डबोक हवाई अड्डे पर उतरने के बाद कार्यकर्ताओं से मिले और बाद में सड़क मार्ग से मंदसौर के लिए रवाना हो गए|
|