|
|
मध्य प्रदेश में दाखिल होते समय पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को प्रशासन ने शाम को रिहा कर दिया| प्रशासन ने राहुल को मंदसौर में किसानों के आंदोलन के दौरान मारे गये किसानों के परिवारों से मिलने की अनुमति दी| इसके बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष ने एमपी-राजस्थान की सीमा पर पीड़ित किसानों के परिजनों से मिले| पीड़ित परिजनों से मुलाकात के दौरान राहुल ने कहा कि देश में कर्ज माफ केवल अमीरों को होता है किसानों का नहीं| राहुल ने कहा कि आंदोलन में मारे गए लोगों को शहीद का दर्जा देने के लिए कांग्रेस उनकी मदद करेगी|
आंदोलन में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष गुरुवार को मंदसौर के लिए रवाना हुए लेकिन उन्हें रास्ते में रोक लिया गया| राहुल जब नियमों को तोड़ते हुए अलग रास्ते और मोटरसाइकिल से आगे बढ़े तो प्रशासन ने उन्हें एहतियातन गिरफ्तार कर लिया| पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक गेस्टहाउस में हिरासत में रखा| गेस्टहाउस के बाहर कांग्रेस की पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने संवाददाताओं से कहा, "लंबे संघर्ष के बाद प्रशासन ने अंतत: राहुल गांधी को पुलिस गोलीबारी में मारे गये लोगों के परिवारों से मिलने पर सहमति जता दी|" उन्होंने कहा, "हम राजस्थान-मध्य प्रदेश की सीमा के पास उनसे मिलने का प्रयास करेंगे|"
मंदसौर जिले के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में गुरुवार को दंगा-निरोधक अर्धसैनिक बल लाए गए, लेकिन जिले के उपद्रव-ग्रस्त क्षेत्रों में हालात सुधर रहे हैं| किसान फसल के बेहतर मूल्य सहित विभिन्न मांगों को लेकर करीब एक हफ्ते से यहां प्रदर्शन कर रहे हैं| जिले में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) तैनात किए जाने के साथ ही राज्य सरकार ने मंदसौर जिले के कलेक्टर स्वतंत्र सिंह और पुलिस अधीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी का तबादला कर दिया|
हिंसा बढ़ने के बाद बुधवार को लागू किए गए कर्फ्यू में शाम चार बजे से दो घंटे की ढील दी गई है| अधिकारियों ने कहा कि हालात में सुधार दिख रहे हैं|मंदसौर से करीब 70 किलोमीटर दूर नया गांव में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जदयू के वरिष्ठ नेता शरद यादव को पुलिस ने उस वक्त हिरासत में ले लिया जब वे राजस्थान सीमा से मंदसौर में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे| जब पुलिस राहुल की अगुवाई में पहुंचे विपक्षी नेताओं को रोकने की कोशिश कर रही थी, उस वक्त वहां किसी रैली जैसा माहौल बन गया था| जब पुलिस ने राहुल को पीछे धकेलने की कोशिश की तो वह दौड़कर बगल के खेत में चले गए और वहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया|
एक सीमेंट कंपनी के अतिथि गृह में राहुल को करीब चार घंटे तक रखे जाने के बाद उन्हें रिहा किया गया| मंदसौर में किसान एक जून से ही प्रदर्शन कर रहे हैं| वे कर्ज माफी और फसल की बेहतर कीमतों की मांग कर रहे हैं| मंगलवार को प्रदर्शन हिंसक हो जाने पर पुलिस की फायरिंग में पांच किसान मारे गए थे| मध्य प्रदेश सरकार ने नीमच के पुलिस अधीक्षक रहे मनोज कुमार सिंह को मंदसौर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है| शिवपुरी के कलक्टर ओ.पी. श्रीवास्तव को मंदसौर जिले का प्रभार सौंपा गया| श्रीवास्तव ने कहा कि उन्हें काफी चुनौतीपूर्ण हालात का सामना करना पड़ रहा है|
|