|
|
मंदसौर में किसानों के उग्र प्रदर्शन और गोलीबारी में कई किसानों की मौत के बाद अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्य में शांति बहाली के लिए आज अनिश्चितकालीन उपवास पर बैठ गए हैं| इस बीच मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री गौरी शंकर बिसेन ने कहा है कि वह किसानों की कर्ज माफी के पक्ष में नहीं हैं|
शनिवार सुबह करीब 11.00 बजे दशहरा मैदान स्थित उपवास स्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए लंबा-चौड़ा वाटर प्रूफ पंडाल लगाया गया है| उपवास के ऐलान के साथ ही नगर निगम के अधिकारियों ने मैदान में तैयारियां शुरू कर दी थीं| वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीएम दफ्तर के अफसर भी उपवास स्थल पर कामकाज की तैयारियों में जुट गए हैं| क्योंकि शिवराज उपवास के दौरान यहीं से सरकार चलाएंगे|
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उपवास स्थल से ट्वीट कर कहा कि उनका अनशन हिंसा के खिलाफ है| मध्य प्रदेश की सरकार किसानों के हक में काम करती रहेगी| शिवराज ने किसानों का आह्वान किया कि बातचीत के जरिए मामले का समाधान निकाला जा सकता है| सरकार बातचीत के लिए हमेशा तैयार है| हिंसा से किसी मामले का समाधान नहीं हो सकता|
दशहरा मैदान में सीएम शिवराज सिंह के लिए मैदान पर एक भव्य मंच तैयार किया गया है जहां वह उपवास पर बैंठे हैं| स्थानीय भाजपा नेता ने बताया कि उपवास के दौरान मुख्यमंत्री, किसानों के अलावा अन्य लोगों के साथ बातचीत भी करेंगे ताकि स्थिति को काबू में किया जा सके| इसके अलावा मंच के पास ही उनके आराम करने और कैबिनेट बैठक के लिए व्यवस्था की गई है|
|