|
|
बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपनी राय जाहिर की है| पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश का अगला राष्ट्रपति बनाने की मांग उठाई है|
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि आडवाणी देश के इस सर्वोच्च पद के लिए वर्तमान में सबसे योग्य उम्मीदवार हैं| शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए महत्वपूर्ण दिन करीब आ रहे हैं| मैं दृढ़ता से लालकृष्ण आडवाणी जी के प्रशंसकों की भावनाओं को दोहराता हूं| सिन्हा ने ट्वीट में आगे लिखा, "लालकृष्ण आडवाणी सबसे प्रतिष्ठिति पद के लिए विद्वान, सम्मानित, अनुभवी व योग्य उम्मीदवार है|"
पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि पार्टी के अंदर व बाहर आडवाणी के अनुभव से कोई मुकाबला नहीं कर सकता है| उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी देश व पार्टी के लिए समर्पित कर दी है| बता दें कि रविवार शाम को केरल के कोच्चि में लालकृष्ण आडवाणी और शत्रुघ्न सिन्हा की मुलाकात भी हुई थी| दोनों कोच्चि स्थित एक होटल में मिले थे|
मौजूदा राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है| देश के अगले राष्ट्रपति को चुनने के लिए 17 जुलाई को चुनाव होगा| राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 28 जून है| चुनाव आयोग ने बीते 7 जून को राष्ट्रपति पद के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है| अधिसूचना जारी किए जाने के बाद 14 जून से इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी| मतगणना 20 जुलाई को दिल्ली में होगी|
|