|
|
बैंकों का 9,000 करोड़ रुपये का कर्ज नहीं चुकाने के मामले में भारत में वांछित कारोबारी विजय माल्या ने मंगलवार को यह दावा किया कि अपने मुकदमे के पक्ष में पैरवी करने के लिए उनके पास र्प्याप्त सबूत है, तो साथ ही उन्होंने यह कहकर भारतीय अधिकारियों पर तंज भी कसा कि "आप एक अरब पाउंड का सपना देखते रह सकते हैं|"
अपने प्रत्यर्पण से जुड़े मामले की सुनवाई के सिलसिले में वेस्टमिंस्टर की मजिस्ट्रेट अदालत में पेश हुए 61 साल के माल्या ने कहा, "मैं लगाए गए सभी आरोपों को नकारता हूं और मैं उन्हें नकारता रहूंगा|" मुख्य मजिस्ट्रेट एम्मा लुइस अरबुथनाट ने उन्हें चार दिसंबर तक जमानत दे दी| मामले की अगली सुनवाई छह जुलाई को होगी|
माल्या ने अदालत के बाहर पत्रकारों को बताया, "मैं किसी अदालत से नहीं बच रहा| अपना पक्ष साबित करने के लिए मेरे पास पर्याप्त सबूत हैं|" अपने बेटे सिद्धार्थ माल्या, एक महिला साथी और कुछ समर्थकों के साथ अदालत पहुंचे माल्या ने कहा, "मैं मीडिया में कोई बयानबाजी नहीं करता, क्योंकि मैं जो कुछ कहता हूं उसे तोड़-मरोड़ दिया जाता है|" माल्या को स्कॉटलैंड यार्ड ने अप्रैल में गिरफ्तार किया था और उसके बाद से वह जमानत पर हैं| उनकी जमानत चार दिसंबर तक बढ़ा दी गई है| माना जा रहा है कि मामले की अंतिम सुनवाई चार दिसंबर को ही होगी|
|