|
|
पाकिस्तान की टीम पर श्रीलंका के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले के बाद जुर्माना लगा है| पाक ने वह अहम मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह तो बना ली, लेकिन स्लो ओवर रेट की वजह से आईसीसी ने पूरी टीम पर जुर्माना लगाया है|
आईसीसी मैच रैफरियों की एलीट पैनल के सदस्य क्रिस ब्रॉड ने यह जुर्माना लगाया चूंकि सरफराज अहमद की टीम निर्धारित समय में एक ओवर पीछे रह गई थी| आईसीसी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की आचार संहिता के तहत निर्धारित समय में एक ओवर पीछे रहने पर मैच फीस का 10 प्रतिशत कटता है और कप्तान को दुगुना जुर्माना देना होता है|
सरफराज पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया जबकि बाकी खिलाड़ियों को 10 प्रतिशत जुर्माना देना पड़ा| आईसीसी नियम संहिता की धारा 2.5.1 में खिलाड़ियों पर स्लो ओवर रेट के लिए दंड का प्रावधान है| तय समय सीमा के अंदर ओवर पूरा नहीं करने पर खिलाड़ियों की मैच फीस में से 10 प्रतिशत जुर्माने के तौर पर काटा जाता है| वहीं कप्तान से मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना वसूला जाता है|
अब इस मामले में औपचारिक सुनवाई नहीं होगी| अगर दूसरी बार भी पाकिस्तानी टीम सरफराज अहमद की कप्तानी में स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई, तो कप्तान को एक मैच के लिए सस्पेंड किया जा सकता है| पाकिस्तान टीम ने इस मैच में श्रीलंका को तीन विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में स्थान बनाया था| पहले गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तानी टीम ने श्रीलंका को 236 रन के स्कोर पर समेट दिया और फिर 44.5 ओवर्स में सात विकेट पर 237 रन बनाते हुए मैच तीन विकेट से जीत लिया| टीम की इस जीत में कप्तान सरफराज अहमद ने अहम योगदान देते हुए 79 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से नाबाद 61 रन की पारी खेली थी| अब सेमीफाइनल में पाकिस्तान का मुकाबला मेजबान इंग्लैंड से है|
|