|
|
टीम इंडिया ने गुरुवार को बांग्लादेश को हराकर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है| लेकिन इसके अलावा मैच में कई रिकॉर्ड भारतीय टीम और उसके खिलाडि़यों ने अपने नाम किए| 9 विकेट से बड़ी जीत के साथ ही कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार को 88 रन के स्कोर पर पहुंचते ही वनडे क्रिकेट में 175 पारी खेलकर 8000 रन पूरे कर लिए| कोहली सबसे कम पारियों में इस मुकाम को हासिल करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं|
इससे पहले यह रिकार्ड साउथ अफ्रीकी कप्तान एबी डीविलियर्स के नाम था, जिन्होंने 182 पारियों में यह लक्ष्य हासिल किया था| इस रिकार्ड के साथ कोहली ने सचिन तेंदुलकर और सौरभ गांगुली को भी पीछे छोड़ दिया| सौरव गांगुली (200 पारियां) और सचिन तेंदुलकर (210 पारियां) अब इस सूची में तीसरे और चौथे स्थान पर हैं| इस मामले में वेस्टइइंडीज के खब्बू बल्लेबाज ब्रायन लारा अब 211 पारियों में 8000 रन बनाकर पांचवें स्थान पर हैं|
कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ गुरुवार को 78 गेंद पर 96 रन की नाबाद पारी खेली| कोहली को 8000 रन पूरे करने के लिए मैच से पहले 88 रन की जरूरत थी| उन्होंने शब्बीर रहमान की गेंद पर एक रन लेकर यह मुकाम हासिल किया| महेंद्र सिंह धोनी ने 214 पारियों में इस उपलब्धि को हासिल किया था| विराट इससे पहले सबसे तेज 5000, 6000 और 7000 रन बनाने के रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर चुके हैं|
|