|
|
सल्लू मियां के चाहने वालों के लिए बुरी खबर है| उनके आगामी फिल्म ट्यूबलाइट पाकिस्तान में ईद के मौके पर रिलीज नहीं होगी| सलमान के प्रशंसकों की संख्या भारत के साथ दुनिया के दूसरे मुल्कों में भी तेजी के साथ बढ़ रही है| लेकिन पाकिस्तान में उनके प्रशंसकों को ट्यूबलाइट के लिए और इंतजार करना पड़ेगा|
दरअसल पाकिस्तान में ईद के मौके पर पहले ही दो फिल्में रिलीज हो रही हैं, ऐसे में सलमान की फिल्मों के प्रति दर्शकों के उत्साह को देखते हुए निर्माताओं को डर है कि ट्यूबलाइट के आगे उनकी फिल्में फीकी न पड़ जाएं| ऐसे में खबर है कि इस कारण ईद के मौके पर उनकी फिल्म की रिलीज को टाल दिया गया है| पड़ोसी मुल्क का कोई भी लोकल डिस्ट्रिब्यूटर फिल्म को रिलीज करने के लिए तैयार नहीं है|
इंडियन फिल्म एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हिराचंद डैंड ने बताया कि पाकिस्तान के लोकल डिस्ट्रिब्यूटर सलमान की फिल्म रिलीज करने से कतरा रहे हैं, क्योंकि ईद के दिन ही पाकिस्तान में दो बड़ी फिल्में और रिलीज होने जा रही है| सलमान की फिल्म को रिलीज करके निर्माता किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहते| एक अन्य सूत्र के अनुसार ईद पर रिलीज होने वाली दोनों फिल्मों यलगार और शोर शराबा को तैयार करने में बड़ी लागत लगी है|
इन दोनों ही फिल्मों के अमेरिका, ब्रिटेन और चीन में प्रीमियर शो भी निर्धारित किए गए हैं| ऐसे में सलमान की फिल्म रिलीज करना घाटे का सौदा हो सकता है| देश में ईद के मौके पर 23 जून को रिलीज होने वाली ट्यूबलाइट को कबीर खान ने डायरेक्ट किया है| कबीर के साथ सलमान की यह तीसरी फिल्म है| इससे पहले ये दोनों एक था टाइगर और बजरंगी भाईजान सुपरहिट फिल्में दे चुके हैं|
|