|
|
नई कर प्रणाली वस्तु व सेवा (जीएसटी) टैक्स के लागू होने के बाद रेल में एसी और प्रथम श्रेणी में सफर करना थोड़ा महंगा हो जाएगा| जीएसटी एक जुलाई से लागू होने जा रहा है| जीएसटी के लागू होने से टिकट चार्ज पर सर्विस टैक्स 4.5 प्रतिशत से बढ़कर 5.0 प्रतिशत हो जाएगा|
रेल मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक यह सर्विस टैक्स रेल में केवल एसी और फर्स्ट क्लास में सफर करने पर लगता है| इस लिहाज से अगर किसी टिकट की लागत इस समय 2000 रुपए है तो अगले महीने से वह 2010 रुपए की पड़ेगी|
इस बीच रेलवे ने जीएसटी को लागू करने की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए हर राज्य में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है जो कि सुनिश्चित करेगा कि नई कर प्रणाली को सुगम तरीके से लागू किया जा सके| अधिकारी ने कहा कि भारतीय रेलवे में जीएसटी के असर के आकलन के लिए भी एक परामर्शक की सेवाएं ली गई हैं|
चूंकि जीएसटी का पंजीकरण पैन ब्यौरे पर आधारित है इसलिए रेलवे ने अपना पैन पहले ही हासिल कर लिया है| रेलवे ने प्रत्येक मंडल में महाप्रबंध को जीएसटी अनुपालन के लिए प्रधान अधिकारी नियुक्त किया है|
|