|
|
व्हाइट हाउस में सोमवार को नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच पहली मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे की तारीफ की। मोदी ने ट्रम्प को भारत आने का न्योता दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। मोदी ने ट्रम्प की बेटी इवान्का को भी भारत इनवाइट किया। मोदी के दौरे से भारत को दो डिप्लोमैटिक कामयाबी हासिल हुईं। पहला- ट्रम्प से उनकी मुलाकात से पहले अमेरिका ने हिज्बुल मुजाहिदीन के सरगना सैयद सलाहुद्दीन को ग्लोबल टेररिस्ट करार दिया। दूसरा- मोदी-ट्रम्प के ज्वाइंट स्टेटमेंट में पाकिस्तान का जिक्र आया।
1) महान प्रधानमंत्री हैं मोदी, उनके बारे में पढ़ता रहता हूं
ट्रम्प ने कहा, एक महान प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए सम्मानित महसूस कर रहा हूं। वे एक महान प्रधानमंत्री हैं। मैं उनके बारे में बात और पढ़ता रहता हूं। वे शानदार काम कर रहे हैं।
2) दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता का स्वागत करना सम्मान की बात
ट्रम्प ने कहा, मैं हमेशा आपके देश और लोगों से सीखता हूं। आपके कल्चर और ट्रेडिशन का इतिहास रहा है। ये मेरे लिए सम्मान की बात है कि दुनिया की सबसे बड़ी डेमोक्रेसी के नेता का स्वागत कर रहा हूं। आप व्हाइट हाउस के सच्चे दोस्त हैं।
3) भारत की इकोनॉमी के लिए मोदी को बधाई
भारत की दुनिया की तेजी से बढ़ रही इकोनॉमी है। कई क्षेत्रों में भारत काफी अच्छा कर रहा है। इसके लिए मैं उसे बधाई देना चाहूंगा। किसी और देश की तुलना में भारत की इकोनॉमी में ज्यादा ग्रोथ है।
4) मोदी को सलाम
मैं प्रधानमंत्री मोदी को सैल्यूट करता हूं। मुझे ये कहते हुए गर्व का अनुभव हो रहा है कि मैं और मोदी सोशल मीडिया के वर्ल्ड लीडर्स हैं।
5) हम तकरीबन हर बात पर रजामंद हैं
व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में ट्रम्प ने कहा, भारत और अमेरिका के बीच कभी इतनी अच्छी और मजबूत रिलेशनशिप नहीं रही, जितनी आज है। हम करीब हर बात पर रजामंद हैं। आज के दिन की बात खत्म होने पर मैं यही कहना चाहूंगा कि हम हर बात पर आपसी सहमति बनाए रखेंगे।
ऐसी रही दोनों के बीच केमिस्ट्री
व्हाइट हाउस में मोदी और ट्रम्प ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया। ज्वाइंट प्रेस स्टेटमेंट और मोदी के व्हाइट हाउस से जाते वक्त दोनों गले मिले। ट्रम्प और उनकी वाइफ मेलानिया ने रेड कारपेट पर मोदी का स्वागत किया। भारत के फॉरेन सेक्रेटरी एस. जयशंकर ने कहा, दोनों नेताओं के बीच जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली। एक अन्य अफसर ने कहा कि नेताओं के बीच केमिस्ट्री अच्छी रहे तो बाकी सारी चीजें अपने आप सही हो जाती हैं। मोदी के वेलकम से पहले ट्रम्प ने ट्वीट कर उन्हें सच्चा दोस्त बताया था।
|