|
|
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी का वार्षिक वेतन 15 करोड़ रुपये है| उनकी यह सैलरी पिछले 9 सालों से इतनी ही है, यानी लगातार नौवें साल भी मुकेश अंबानी की सैलरी 15 करोड़ रुपये पर ही कायम है|
यही नहीं अंबानी ने शेयर विकल्प भी नहीं लिया है, जो कि कंपनी के निदेशक मंडल के अन्य निदेशकों को मिला है| सबसे अमीर भारतीय अंबानी ने अपना वेतन, लाभ, भत्ता और कमीशन को 2008-09 से 15 करोड़ रुपये पर कायम रखा है यानी वह सालाना करीब 24 करोड़ रुपये छोड़ रहे हैं|
रिलायंस इंडस्ट्रीज की 2016-17 की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है कि चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का वेतन पैकेज 15 करोड़ रुपये पर ही कायम है| हालांकि, उनका मंजूर वेतन पैकेज 38.75 करोड़ रुपये है| यह उनकी प्रबंधन स्तर पर कम वेतन लेकर उदाहरण प्रस्तुत करने की इच्छा को दर्शाता है|
अंबानी ने अक्टूबर, 2009 में अपना वेतन स्वैच्छिक रूप से 15 करोड़ रुपये पर सीमित किया था| उस समय मुख्य कार्यकारियों के वेतन को उचित रखने को लेकर बहस छिड़ी थी| अंबानी का वेतन इसी स्तर पर कायम है जबकि कंपनी के सभी अन्य कार्यकारी निदेशकों को शेयर विकल्प मिला हुआ है|
|