Visitors online: 002

समुद्र की लहरों के बीच मोदी-नेतन्याहू की दोस्ती, दोनों नेताओं ने देखी पानी साफ़ करने की इज़रायली टेक्नोलॉजी

Home » Headlines

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके इज़रायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के बीच बेहतरीन तालमेल और दोस्ती की झलक उस वक्त एक बार फिर देखने को मिली जब दोनों नेताओं ने समुद्र तट पर टखने तक पानी में खड़े होकर एक दूसरे से संवाद किया| दोनों नेता उत्तरी इज़रायल के ओलगा बीच पर समुद्र पर पानी के शोधन की प्रौद्योगिकी के साक्षी बने| यहां जल शोधन की यूनिट लगी हुई है|
 
मोदी और नेतन्याहू ने समुद्र तट पर कुछ समय साथ बिताया और पानी के बीच खड़े होकर बातचीत की| बातचीत के दौरान समुद्र की लहरें उनके पैरों के छूती दिखीं| पानी में दाखिल होने से पहले मोदी ने अपना पैट नीचे से मोड़ लिया तो नेतन्याहू कैजुअल कपड़े में वहां पहुंचे थे|
 
नेतन्याहू ने ट्वीट किया, "दोस्तों के साथ बीच पर जाने जैसा कुछ नहीं है|" बाद में इज़रायली प्रधानमंत्री ने मोदी को ओलगा बीच पर पानी में खड़े दोनों की तस्वीर भेंट की जिस पर दोनों के हस्ताक्षर हैं|
 
भारतीय प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि गालमोबाइल एक स्वतंत्र, समन्वित जल शुद्धिकरण वाहन है जिसे उच्च गुणवत्ता वाले पेयजल का उत्पादन करने के लिये डिजाइन किया गया है| यह बाढ़, भूकंप, कठिन क्षेत्र में सैन्य इस्तेमाल और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल प्रदान करने में उपयोगी हो सकता है|
 
इसमें कहा गया है, "यह प्रतिदिन 20 हजार लीटर तक समुद्र के पानी का शुद्धिकरण कर सकता है और प्रतिदिन 80 हजार लीटर खारे, गंदले या दूषित नदी जल की सफाई कर सकता है और इसे विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों पर ला सकता है|" मोदी और नेतन्याहू ने प्रस्तुति को देखा और शुद्ध जल को चखा और अनोखे वाहन पर सवार हुए|
 
मोदी और नेतन्याहू ने बुधवार (5 जुलाई) को वार्ता की थी और पानी और कृषि के क्षेत्र में रणनीतिक भागीदारी स्थापित करने पर सहमति जताई थी| वार्ता के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में कहा गया था कि यह भागीदारी जल संरक्षण, अपशिष्ट जल शोधन और कृषि के लिये इसके फिर से इस्तेमाल, अलवणीकरण, जल इस्तेमाल सुधार और गंगा और अन्य नदियों की सफाई के लिये आधुनिक जल प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर ध्यान केंद्रित करेगी|


न्यूज़पेपर में दिया गया जॉब कोड दिए गए    Textbox में दर्ज करे और जॉब सर्च करे



Quick Links